Sambhal News : शिवपाल यादव का सरकार पर बड़ा हमला, बोले- यूपी में कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल
गुन्नौर पहुंचे शिवपाल यादव ने कहा 2027 में जनता देगी जवाब
संभल, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव रविवार को गुन्नौर क्षेत्र के गांव सिघौला पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ सपा नेता स्वर्गीय ओमकार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, बिजली दरों और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर जमकर निशाना साधा।
मेरठ की हालिया घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में रोजाना अपराध हो रहे हैं। महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है और सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह असफल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। बजट केवल दिखावे के लिए पेश किया जाता है, जबकि विकास कार्यों में बड़े स्तर पर धांधली और कमीशनखोरी हो रही है। आरोप लगाया कि सरकार ने पूरा प्रदेश नौकरशाही के भरोसे छोड़ दिया है, जिससे आम जनता परेशान है।
उन्होंने बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि उत्तर प्रदेश में देश की सबसे महंगी बिजली मिल रही है, इसके बावजूद हाल ही में बिजली दरों में 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर दी गई। बुलडोजर कार्रवाई के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि कुछ वर्गों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई और फर्जी मुठभेड़ों की घटनाएं बढ़ रही हैं तथा छोटी-छोटी बातों पर लोगों को गोली मारी जा रही है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष न्याय होना चाहिए। कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर कर समाजवादी पार्टी को सरकार बनाने का मौका देगी। गुन्नौर विधानसभा सीट से राष्ट्रीय परिवर्तन दल के अध्यक्ष डीपी यादव द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि चुनाव में अभी समय है। समाजवादी पार्टी जिस उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी, जनता उसे ही जिताएगी ।
