Kanpur News: बाकरगंज में धंसा डॉट नाला, जेपी पैलेस की नींव तक पहुंचा कटाव; बड़ा हादसा टला, लोगों में दहशत
15-20 फीट गहरा गड्ढा बनने से इलाके में हड़कंप, नाला या सीवर लाइन को लेकर विभागों में असमंजस; पार्षद ने जताई बड़े हादसे की आशंका
कानपुर, अमृत विचार। शहर के बाकरगंज स्थित जेपी पैलैस के पास सोमवार को डॉट नाला धंस गया, जिसकी वजह से आसपास के लोगों के बीच काफी दहशत फैल गई। गड्ढा इतना भयंकर हो गया कि पैलेस की नींव तक दिखने लगी। क्षेत्रीय पार्षद ने मामले की जानकारी नगर निगम व जलकल विभाग को दी। लेकिन विभाग के अधिकारियों ने न तो बैरिकेडिंग कराना जरूरी समझा और न ही मरम्मत कार्य किया गया।
बाकरगंज चौराहा के पास स्थित जेपी पैलेस के पास सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अचानक से डॉट नाला धंस गया। डॉट नाला धंसने की वजह से आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकले, जिसकी वजह से यातायात भी बाधित होने लगा। तभी वार्ड-36 के पार्षद अशोक पाल मौके पर पहुंचे और नगर निगम व जलकल विभाग के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। जलकल जोन-3 की अधिशासी अभियंता रुबीना खातून व अन्य अधिकारी पहुंचे। यहां करीब 15 से 20 फीट गहरा और 25 फीट गोलाई में गड्ढा होने के साथ ही उसमे काफी मात्रा में पानी भी भरा था, जो सड़क तक आ रहा था। जलकल कर्मियों ने पानी निकालने का काम शुरू किया।
इस बीच मिट्टी का कटान जारी था। कर्मचारियों ने चारों तरफ से बोरियां लगाकर मार्ग को बंद किया, लेकिन न तो बैरिकेडिंग की गई और ना ही किसी भी प्रकार विभाग द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। पार्षद ने बताया कि यह नाला 1960 के समय का है। यह नाला मुंशीपुरवा जाकर मिलता है। पूर्व में सुलभ के पास भी यह नाला धंसा था। मिट्टी गीली होने से इसमें कटान बहुत तेजी से जारी है, जिससे बड़ा हादसा भी हो सकता है। अधिशासी अभियंता के मुताबिक जहां डॉट नाला धंसा है, वहां से सीवर व पेयजल लाइन दूर है। मौके पर पानी निकलवाने का काम शुरू कराया है। अभियंत्रण विभाग को इसका मरम्मत कार्य शुरू कराने के लिए पत्र लिख दिया गया है।
यह भी पढ़ेंः Kanpur Waterlogging: जलभराव पर महापौर का बड़ा हमला, बोलीं- अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा जनता भुगत रही है
