Sultanpur News: अखंडनगर में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, एक को लगी गोली; तीन गिरफ्तार, लाखों के आभूषण बरामद
सुलतानपुर, अमृत विचार। थाना अखंडनगर क्षेत्र में सोमवार तड़के चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से चोरी के लाखों रुपये कीमत के आभूषण, एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, अखंडनगर थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में विपिन निषाद उर्फ हाईलैण्ड पुत्र रामदेव निषाद, निवासी दामोदरपुर, थाना कादीपुर, उम्र करीब 24 वर्ष, गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उसके साथ नागेंद्र उर्फ बबलू पुत्र लालता प्रसाद निषाद, निवासी मझगवां, थाना कादीपुर, उम्र करीब 25 वर्ष तथा नीरज पुत्र आशा, निवासी अलीपुर कांपा, थाना अखंडनगर, उम्र करीब 25 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के लाखों के आभूषण बरामद हुए हैं। इसके अलावा एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद आभूषण किन चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं।
विपिन निषाद पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में घायल गिरफ्तार आरोपी विपिन उर्फ हाईलैण्ड का आपराधिक इतिहास लंबा है। उपलब्ध पुलिस अभिलेख के मुताबिक उसके खिलाफ कादीपुर थाने में चोरी, माल बरामदगी समेत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दोस्तपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा भी दर्ज है। अभिलेख में वर्ष 2019 का पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं का मामला भी दर्ज है।
नागेंद्र पर भी कई आपराधिक मामले दर्ज
गिरफ्तार नागेंद्र उर्फ बबलू के आपराधिक इतिहास में जौनपुर के सरपतहा थाने में चोरी और माल बरामदगी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दोस्तपुर और मोतिगरपुर थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख पुलिस अभिलेख में है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बरामद आभूषणों के संबंध में अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर विनीत जायसवाल ने घटना के संबंध में बताया कि चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल हुआ और कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
