Bareilly News : कछला गंगाजल लेने जा रहे कांवड़िया की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, पत्नी और मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल
शिवभक्तों के जत्थे में पसरा मातम, सड़क दुर्घटना में कांवड़िया पंकज की गई जान
बरेली के भमोरा क्षेत्र में सड़क हादसे में कछला जा रहे एक कांवड़िया की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद शिवभक्तों और परिजनों में कोहराम मच गया है।
बरेली, अमृत विचार। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के भमोरा थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में कछला गंगाजल लेने जा रहे 36 वर्षीय एक कांवड़िया की मौत हो गई। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार और जत्थे में शामिल साथियों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
30 साथियों के साथ कछला जा रहा था पंकज
जानकारी के अनुसार, मृतक पंकज (36 वर्ष) बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर मानपुर गांव का रहने वाला था। पंकज के भाई कुंवरपाल ने बताया कि रविवार शाम को गांव से करीब 30 कांवड़ियों का जत्था गंगाजल लेने के लिए कछला (बदायूं) के लिए रवाना हुआ था। पंकज भी अपने साथियों के साथ बाइक से कछला की ओर जा रहा था। जब उनकी बाइक भमोरा थाना क्षेत्र के सरदार नगर पुल के पास पहुंची, तो अचानक हादसे का शिकार हो गई।
हादसे का कारण अभी स्पष्ट नहीं
हादसा कैसे हुआ, इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। परिवार और साथ गए लोगों के मुताबिक, यह आशंका जताई जा रही है कि या तो पंकज की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, या फिर रात के अंधेरे में किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पंकज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद साथी कांवड़ियों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पंकज को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
खेतीबाड़ी से चलता था परिवार का गुजारा
पंकज की मौत की खबर जैसे ही जत्थे में शामिल लोगों ने उसके परिजनों को दी, घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक पंकज खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी रीना और एक बेटा है। पति की अचानक मौत से पत्नी रीना का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे रामचंद्रपुर मानपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : चीनी की कोई कमी नहीं, जमाखोरी रोकने को DM ने हर तहसील में बनाई निगरानी समिति; गड़बड़ी पर होगा एक्शन
