केस्को एमडी नेहा जैन से मिले उद्यमी, केंद्रीयकरण नीति से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग

Amrit Vichar Network
On

उद्यमियों ने कहा- शिकायतों का स्थानीय स्तर पर हो त्वरित निस्तारण

कानपुर में केस्को और औद्योगिक संगठनों की बैठक में उद्यमियों ने केंद्रीयकरण नीति से होने वाली समस्याएं उठाईं। विजय कपूर के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर बिजली शिकायतों के स्थानीय स्तर पर त्वरित निस्तारण की मांग की गई।

कानपुर, अमृत विचार। औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उद्यमियों ने केस्को प्रबंधन के सामने अपनी मांगें रखीं। सोमवार को केस्को मुख्यालय, सिविल लाइंस में केस्को प्रबंध निदेशक नेहा जैन की अध्यक्षता में उद्यमियों और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें कोआपरेटिव एस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर ने औद्योगिक इकाइयों की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।

केंद्रीयकरण नीति से आ रही दिक्कतें

बैठक में विजय कपूर ने केस्को की केंद्रीयकरण नीति के कारण औद्योगिक क्षेत्रों में उद्यमियों को हो रही व्यावहारिक परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बिजली से जुड़ी शिकायतों के समय पर निस्तारण नहीं होने से उद्योगों का संचालन और उत्पादन प्रभावित होता है।

उन्होंने मांग की कि शिकायत निस्तारण की व्यवस्था को सरल और प्रभावी बनाने के साथ स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की जाए, ताकि उद्यमियों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए केंद्रीय स्तर पर निर्भर न रहना पड़े।

केस्को एमडी को सौंपा ज्ञापन

विजय कपूर ने विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों और उद्यमियों के साथ संयुक्त रूप से केस्को प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। इसमें केंद्रीयकरण नीति के चलते औद्योगिक क्षेत्रों में सामने आ रही समस्याओं से प्रबंधन को अवगत कराया गया। उद्यमियों ने वर्तमान केंद्रीयकृत व्यवस्था को समाप्त कर स्थानीय स्तर पर प्रभावी शिकायत निस्तारण प्रणाली लागू करने की मांग की।

निर्बाध बिजली के साथ त्वरित शिकायत निस्तारण जरूरी

विजय कपूर ने कहा कि उद्योग और विद्युत व्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं। औद्योगिक विकास के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ ही बिजली संबंधी शिकायतों का जल्द समाधान भी जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केस्को प्रबंधन उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर ठोस कदम उठाएगा। बैठक में उद्यमियों की ओर से दिए गए सुझावों और समस्याओं पर केस्को अधिकारियों ने चर्चा की। विजय कपूर ने केस्को एमडी नेहा जैन का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत भी किया।

संवाद से निकलेगा स्थायी समाधान

बैठक में हरीश ईसरानी, अरुण जैन, मनोज बंका, अशोक जुनेजा, ब्रजेश अवस्थी, प्रेमराज, लाड़ली प्रसाद, एसके गुप्ता, आरके अग्रवाल, शरद शर्मा, उमंग अग्रवाल, अमन घई, समनदीप सिंह और मयंक विज समेत विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के बाद उद्यमियों ने सकारात्मक चर्चा पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि केस्को प्रबंधन और औद्योगिक संगठनों के बीच लगातार संवाद से बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है। इससे कानपुर के औद्योगिक विकास और उत्पादन व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें:-IIT Kanpur: राकेश गंगवाल ने फिर खोला खजाना, मेडिकल स्कूल के लिए देंगे 300 करोड़ की मैचिंग ग्रांट

संबंधित समाचार