Barabanki News: पेड़ हैं जीवन का आधार, हर व्यक्ति लगाए कम से कम एक पौधा- विधायक साकेंद्र वर्मा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

- देवा रेंज के बड्डूपुर में पौधरोपण कार्यक्रम का हुआ आयोजन

बाराबंकी, अमृत विचार। वन महोत्सव के अवसर पर देवा रेंज के बड्डूपुर स्थित मूर्त स्वामी मंदिर परिसर में मंगलवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक साकेंद्र वर्मा ने हरिशंकरी के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। वहीं वन विभाग की ओर से संचालित 'आम वृक्ष भंडारा' अभियान के तहत ग्रामीणों को निःशुल्क आम के पौधे वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग फलदार वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक रूप से भी लाभान्वित हो सकें।

Untitled design (38)

मुख्य अतिथि विधायक साकेंद्र वर्मा ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल शुद्ध वायु, छाया और प्राकृतिक संतुलन ही नहीं प्रदान करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव भी रखते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

वन क्षेत्राधिकारी हेमंत मणि शेष तिवारी ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों में उनके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रामीणों से पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षित करने की अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव ला सकता है।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को पौधों के महत्व, उनके संरक्षण, देखभाल तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी दी। बड़ी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण अभियान में भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड्डूपुर थाना प्रभारी मनोज कुमार सोनकर, वन क्षेत्राधिकारी हेमंत मणि शेष तिवारी, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

संबंधित समाचार