Barabanki News: दो दिन से लापता भाजपा पूर्व बूथ अध्यक्ष का तालाब में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। यूपी के जिला बाराबंकी में कोतवाली बदोसराय क्षेत्र के राजापुर गांव में सोमवार सुबह तालाब में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजापुर निवासी भाजपा के पूर्व बूथ अध्यक्ष इंद्र प्रसाद वर्मा (करीब 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता थे।

जानकारी के अनुसार, इंद्र प्रसाद वर्मा के अचानक लापता होने के बाद परिजन उनकी तलाश रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर कर रहे थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई थी। सोमवार सुबह गांव के बाहर स्थित तालाब में ग्रामीणों ने एक शव देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने शव की पहचान इंद्र प्रसाद वर्मा के रूप में की।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली बदोसराय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। उनके परिवार में दो पुत्र और एक विवाहित पुत्री हैं। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राम अवतार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इंद्र प्रसाद वर्मा की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

ये भी पढ़ें : 
Shravasti News: नाम बड़ा और दर्शन छोटे, नीति आयोग की सूची में शामिल जमुनहा ब्लॉक बदहाल सुविधाओं से बेहाल

संबंधित समाचार