Shravasti News: नाम बड़ा और दर्शन छोटे, नीति आयोग की सूची में शामिल जमुनहा ब्लॉक बदहाल सुविधाओं से बेहाल

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

श्रावस्ती, अमृत विचार। जमुनहा ब्लॉक देश के 500 अति पिछड़े ब्लॉक में शामिल है। नीति आयोग की ओर से सबसे तेज विकसित ब्लॉकों में जमुनहा को नंबर एक बताया गया था। इस उपलब्धि के लिए विगत वर्ष जमुनहा ब्लॉक को करीब तीन करोड़ रुपये का पुरस्कार भी दिया गया।

मुख्यमंत्री योगी भी कई बार इसकी तारीफ कर चुके है। जबकि हकीकत इसके एकदम विपरीत है। विकास के सच का आईना ब्लॉक मुख्यालय गेट के सामने बनी सड़क ही दिखा रही है। इससे क्षेत्र के विकास का भी अंदाजा लगाया जा सकता है। यह है जमुनहा ब्लॉक मुख्यालय का वीरगंज बाजार के सामने स्थित सड़क। 

NITI Aayog's list

इसको देखकर क्षेत्र के चौमुखी विकास का अंदाजा लगाया जा सकता है। गांव के चौमुखी विकास की जिम्मेदारी निभाने वाले ब्लॉक मुख्यालय को खुद विकास की दरकार है। बैरियल चौराहा से कटरा माफी जाने वाली यह सड़क ब्लॉक मुख्यालय के सामने से होकर गुजरती है। इस पर वाहन ले जाना तो दूर पैदल चलना भी दूभर है। स्थानीय व्यापारियों व लोगों ने इसकी मरम्मत के लिए धरना प्रदर्शन भी किया। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। 

_Jamunha

वीरगंज बाजार स्थित यह मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। प्रत्येक मौसम में मार्ग पर कीचड़ व जलभराव की समस्या उत्पन्न रहती है। बरसात में यह सड़क नाला बन जाती है। जबकि इसी मार्ग से होकर लोग बैरियर चौराहा, सीएससी मल्हीपुर, सना हॉस्पिटल, एवी पब्लिक स्कूल, लॉर्ड कृष्णा पब्लिक इंटर कॉलेज, गौरव पब्लिक इंटर कॉलेज, स्वामी विवेकानंद विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय पटना, गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज व लाल बहादुर शास्त्री कृषि इंटर कॉलेज सहित ब्लॉक व तहसील मुख्यालय तथा थाना जाते है। 

सोमवार अभिभावक अपने बच्चों को बाइक पर भारी-भरकम बैग के साथ स्कूल छोड़ने जाते समय गड्ढों के कारण हिचकोले खाते नजर आए। यह जर्जर सड़क आए दिन दुर्घटना का कारण बनती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी मार्ग से नियमित एसडीएम व खंड विकास अधिकारी जमुनहा व एंबुलेंस का आना जाना रहता है। इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नही की गयी है। ऐसे में स्थानीय व्यापारियों व अभिभावकों ने डीएम अन्नपूर्णा गर्ग से मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

सीएम योगी भी कर चुके तारीफ

_Jamunha Block

मुख्यमंत्री ने अपने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था कि आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम डेल्टा रैंकिंग में शीर्ष पर रहने के लिए उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में जमुनहा ब्लॉक को हार्दिक बधाई। उत्तर भारत जोन में हरदोई के संडीला ब्लॉक को नंबर 1 व अमेठी के जगदीशपुर ब्लॉक को नंबर 2 पर आने पर बधाई। यह उपलब्धि यहां के अनुशासित लोगों और प्रशासन के समर्पण और कड़ी मेहनत का प्रमाण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और दूरदर्शी नेतृत्व में नया उत्तर प्रदेश समृद्धि की ओर अग्रसर है.।

पूर्व डीएम भी कर चुके तारीफ

श्रावस्ती जिले के पूर्व डीएम अजय द्विवेदी ने बयान जारी करते हुए कहा था कि भारत सरकार के आकांक्षी ब्लाक कार्यक्रम के अंतर्गत श्रावस्ती जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। जिले का जमुनहा ब्लॉक इस कार्यक्रम में प्रथम चयनित हुआ है. पूरे देश में इस प्रकार से 500 ब्लॉक चिन्हित है जो विकास के दृष्टिकोण से पिछड़े हुए हैं, इस कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि , पोषण आदि कुल मिलाकर 40 इंडिकेटर पर मुलांकन होता है। जिस पर मूल्यांकन किया जाता है. इन सभी इंडिकेटर्स का मूल्यांकन करते हुए जमुनहा ब्लॉक का जो प्रयास है वह काफी अच्छा रहा और इसकी प्रशंसा नीति आयोग ने भी की है.।

ये भी पढ़ें : 
Sitapur News : चार प्रशिक्षु छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर

संबंधित समाचार