Sitapur News : चार प्रशिक्षु छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
सीतापुर,अमृत विचार। यूपी के जिला सीतापुर के विकास खंड क्षेत्र के ग्राम ताहपुर स्थित एक निजी कॉलेज में प्रशिक्षण ले रहीं चार छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी को उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर में भर्ती कराया गया।
जहां से एक छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया कॉलेज परिसर में एक संस्था द्वारा हेल्थ केयर मेडिकल ड्रेसर व क्रोशिया लेस टेलर कोर्स का चार माह का प्रशिक्षण कराया जा रहा है, जिसमें विभिन्न जनपदों के छात्र-छात्राएं शामिल हैं अचानक चार छात्राओं की तबीयत खराब होने पर हड़कंप मच गया।
सीएचसी के चिकित्सक डॉ. सचिन शास्त्री ने बताया कि कोमल वर्मा निवासी लखीमपुर, आरती निवासी हरगांव, हर्षिता वर्मा निवासी धौरहरा लखीमपुर और निशा निवासी थानगांव को अस्पताल लाया गया था प्राथमिक उपचार के बाद तीन छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई, जबकि हर्षिता वर्मा की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को मेमो भेजकर मामले की जानकारी दी तहसीलदार मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मामले की सूचना संज्ञान में है, पूरे प्रकरण की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह के अनुसार सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जानकारी जुटाई गई है।
