जनता दर्शन में सीएम योगी का बड़ा फैसला: सीतापुर की महिला को मिलेगी निराश्रित गाय, दिव्यांग की जमीन से हटेगा अवैध कब्जा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। सीतापुर की पूनम देवी ने गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई, जिस पर सीएम ने निराश्रित गाय उपलब्ध कराने और योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। वहीं, एक दिव्यांग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान सीतापुर के हरगांव क्षेत्र स्थित गुरुदेव नगर की रहने वाली पूनम देवी ने मुख्यमंत्री के सामने गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई। उनकी मांग पर मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पूनम देवी को नियमानुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाए और उन्हें सरकार की संबंधित योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए।
गोपालन से आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं पूनम देवी
पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गोपालन के जरिए अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना चाहती हैं। उनके पास फिलहाल पांच गाय हैं और अन्य गोवंश रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से और गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। पूनम का कहना है कि वह दूध आदि की बिक्री के जरिए परिवार की आय बढ़ाना चाहती हैं।
पूनम की मांग पर मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव (पशुधन) को निर्देश दिया कि उन्हें निराश्रित गाय उपलब्ध कराने के साथ मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के तहत गोवंश की देखभाल के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ भी नियमानुसार दिलाया जाए।
.png)
सीएम योगी ने कहा- मन से गोसेवा करें, बाधाएं और कष्ट दूर होंगे
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों से उनकी समस्याएं पूछीं। पूनम देवी का प्रार्थना पत्र पढ़ने के बाद मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने पूनम से गोसेवा करने के लिए भी कहा और कहा कि मन से गोसेवा करने से सारी बाधाएं और कष्ट दूर होंगे।
पूनम देवी ने श्रावण मास में अपनी इच्छा पूरी होने की उम्मीद जताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

दिव्यांग ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की
जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत भी दी। उसने बताया कि उसकी जमीन पर किसी व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है।
शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कराने और पीड़ित को यथासंभव मदद करते हुए समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अन्य लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ेंः यूपी में 17 IAS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, अलीगढ़-मुरादाबाद मंडलायुक्त बदले; कई विभागों में नई जिम्मेदारियां
