Chitrakoot News: कुपोषण नियंत्रण में चित्रकूट मंडल प्रदेश में अव्वल, मंत्री बेबी रानी मौर्य ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश
चित्रकूट दौरे पर मंत्री बेबी रानी मौर्य ने बाल विकास एवं महिला कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक की। कुपोषित बच्चों में 99.94% सुधार के साथ चित्रकूट मंडल प्रदेश में शीर्ष पर रहा। आंगनबाड़ी, टेक होम राशन और योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
चित्रकूट, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने सोमवार को न्यू सर्किट हाउस में चित्रकूट मंडल के जिला कार्यक्रम अधिकारियों और जिला प्रोबेशन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि कुपोषित बच्चों में सुधार के मामले में 99.94 प्रतिशत उपलब्धि के साथ चित्रकूट मंडल प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मंडलों में शामिल रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि को विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम बताया।
बैठक में टेक होम राशन (THR) वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट लिखित रूप में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की नीति के अनुरूप सभी स्वीकृत पदों पर समयबद्ध तैनाती सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की तकनीकी समस्याओं पर होगा सुधार
समीक्षा बैठक के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारियों ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि से जुड़ी तकनीकी समस्याओं और सुधार संबंधी सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। इस पर बेबी रानी मौर्य ने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि राज्य स्तर पर आवश्यक तकनीकी सुधार कराए जाएंगे, ताकि जिलों से भेजे गए आंकड़े सही, पारदर्शी और सटीक तरीके से पोर्टल पर प्रदर्शित हो सकें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही विभागीय कार्यों में जवाबदेही, गुणवत्ता और नियमित निगरानी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। बैठक के बाद मंत्री हनुआ-मानिकपुर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी शामिल हुईं।
महोबा के जिला प्रोबेशन अधिकारी की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी
बैठक में चित्रकूट के जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, बांदा के दिलीप पांडेय, हमीरपुर के इंद्रपाल सिंह तथा महोबा के प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम सुलेरे मौजूद रहे। महिला कल्याण विभाग से चित्रकूट की जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता अवकाश पर थीं, जिनकी ओर से जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बैठक में भाग लिया। हमीरपुर के जिला प्रोबेशन अधिकारी राजकुमार सिंह भी मौजूद रहे। वहीं, महोबा के जिला प्रोबेशन अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर मंत्री बेबी रानी मौर्य ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
