25 से सीधे 40 के पार ... यूपी में आसमान छूने लगे टमाटर-प्याज के दाम, महाराष्ट्र की बरसात ने बिगाड़ा सब्जियों का बजट
टमाटर भी हुआ लाल, अदरक, लहसुन समेत कई बाहर से आने वाली सब्जियों में तेजी
लखनऊ, अमृत विचार। महाराष्ट्र में हो रही बरसात के कारण नासिक से आने वाले प्याज की आमद कम होते ही प्याज की कीमतों ने तेज उछाल पकड़ा है। करीब बीस दिनों में चढ़ी प्याज की कीमतों ने लोगों की आंखों से आंसू निकालना शुरू कर दिया है। फुटकर में 25 रुपये किलो मिलने वाला प्याज 40 रुपये किलो का आंकड़ा पार कर गया है। यही हाल टमाटर का है। देशी टमाटर खत्म होते ही बाहर से आने वाला टमाटर भी लाल होने लगा है।
प्याज, टमाटर, अदरक, लहसुन की कीमतों में तेज उछाल
थोक कारोबारी और दुबग्गा सब्जी एवं फल व्यापारी समिति के शहनवाज बताते हैं कि महाराष्ट्र में तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। नासिक से प्याज आता है। बरसात के कारण प्याज के ट्रकों का आवागमन कम हो गया है। माल खराब हो सकता है। ऐसे में कारोबारी हालात देखकर ही प्याज भेजते हैं। यही वजह है कि प्याज की कीमतों में उछाल आ गया है। करीब 20 दिन पहले प्याज की कैरेट (25 किलो वाली) 300 से 350 रुपये थी आज का भाव बढ़कर 650 से 700 रुपये कैरेट हो गया है। यही हाल टमाटर का है। स्थानीय और देशी टमाटर कम हो जाने से इसकी भी कीमतें चढ़ रही हैं। यही नहीं करीब एक पखवारा पहले 100 से 150 रुपये किलो बिकने वाली अदरक 200 से 250 रुपये किलो पहुंच गई है। लहसुन की कीमतों में बड़ा अंतर आया है। अगर फुटकर का भाव लें तो 220 से 250 रुपये किलो लहसुन बिक रहा है।
टिकैतगंज स्थित फुटकर सब्जी विक्रेता भगत के मुताबिक फुटकर दुकानदार भगत के मुताबिक बारिश में प्याज, टमाटर, अदरक और पत्तों वाली हरी सब्जियों के खराब होने की आंशका रहती है। प्याज नासिक से आता है। बारिश होने के कारण ट्रकों का आवागमन कम हो गया है। 25 रुपये प्रति किलो बिकने वाला प्याज 40 से 45 रुपये प्रति किलो के बीच है। टमाटर 40 रुपये किलो, अदरक दो से ढाई सौ किलो पहुंच गई है। ऐसे में प्याज और टमाटर महंगा होना तय है।
