'शादी कराओ वरना नहीं उतरूंगा'.... प्रयागराज में 'Sholay' स्टाइल ड्रामा, बिजली के टावर पर चढ़ा सिरफिरा आशिक
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार देर शाम प्रेमिका से शादी की जिद करते हुए एक कोचिंग संचालक हाईटेंशन लाइन के बिजली टावर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझा बुझा कर युवक को नीचे उतारने में सफलता पायी।
जानिए पूरा मामला
मऊआइमा इलाके में रोजीहत गांव निवासी श्याम बाबू, पुत्र सुरजन सिंह, क्षेत्र में कोचिंग चलाकर छात्रों को पढ़ाता है। इसी दौरान उसकी कोचिंग में पढ़ने वाली पिलखुवा गांव की छात्रा से उसका प्रेम संबंध हो गया। बताया जा रहा है कि युवक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती और उसके परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे।
शोले स्टाइल में टावर पर चढ़ा युवकइसी बात से नाराज होकर श्याम बाबू देर शाम सोमवार को पिलखुवा गांव के पास स्थित हाईटेंशन विद्युत टावर पर चढ़ गया। उसने घोषणा कर दी कि जब तक उसकी शादी नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। टावर पर चढ़े युवक को देखकर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सूचना मिलते ही मऊआइमा पुलिस मौके पर पहुंच गई।
टावर से नीचे फेंका दो पन्नों का पत्रप्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने टावर से ही अपनी मांगों से संबंधित दो पन्नों का एक पत्र नीचे खड़े पुलिसकर्मियों की ओर फेंका। पत्र में उसने प्रेमिका से शादी कराने की मांग दोहराई। पुलिस अधिकारियों ने लगातार उससे बातचीत की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया।
ढाई घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यूकरीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को यह भरोसा दिलाया कि दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद युवक टावर से नीचे उतर आया। पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जहां युवती और उसके परिजनों को भी बुलाकर दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक थाना मऊआइमा राममूर्ति यादव से बात करने पर बताया गया कि युवक को सकुशल नीचे उतार लिया गया है दोनों परिवार के लोगों को थाने बुलाया गया है जो भी विधि कार्रवाई होगी कि जाएगी।
