Bahraich News: पयागपुर तहसील में बनेगा आधुनिक वातानुकूलित अधिवक्ता चैंबर, विधायक सुभाष त्रिपाठी ने किया शिलान्यास

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

करीब 93 लाख रुपये की लागत से होगा निर्माण, अधिवक्ताओं और वादकारियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं; विधायक बोले- पयागपुर की तस्वीर बदलने का संकल्प लगातार हो रहा साकार

पयागपुर (बहराइच), अमृत विचार। पयागपुर तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक और वातानुकूलित चैंबर के निर्माण की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। करीब 93 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अधिवक्ता चैंबर का विधायक सुभाष त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। चैंबर के निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत विधि-विधान से हवन-पूजन के साथ हुई। पयागपुर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विधायक सुभाष त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराम शुक्ल और पीयूष विश्वकर्मा ने अतिथियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन कृष्ण मोहन शुक्ल ने किया।

पयागपुर की तस्वीर बदलने का संकल्प पूरा होने का दावा

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि चुनाव जीतकर आने के बाद उन्होंने पयागपुर की तस्वीर बदलने का संकल्प लिया था। विकास कार्यों के माध्यम से यह संकल्प अब लगातार साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

विधायक ने बताया कि हुजूरपुर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी जल्द शुरू होने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का विस्तार हुआ है। वर्ष 2017 के बाद क्षेत्र में करीब 20 पुलों का निर्माण कराया गया, जिनमें तीन बड़े पुल शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के चुनाव तक चार और पुलों का निर्माण पूरा होने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी विकास कार्य

सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि पयागपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। कोट बाजार में आयुर्वेदिक अस्पताल के निर्माण का प्रस्ताव है। इसके अलावा करीब 32.5 करोड़ रुपये की लागत से कक्षा एक से 12 तक के विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मंडी परिसर में जल्द ही हेलीपैड बनाए जाने की योजना है। वहीं, डायट परिसर में 100 बेड का हॉस्टल तैयार हो चुका है, जबकि बैनामा दफ्तर के निर्माण का कार्य भी जल्द शुरू होने की बात कही। विधायक ने कहा कि विकास कार्यों की यह गति आगे भी जारी रहेगी और पयागपुर को आधुनिक सुविधाओं से युक्त विधानसभा क्षेत्र बनाने का प्रयास किया जाएगा।

नए चैंबर से अधिवक्ताओं और वादकारियों को मिलेगी सुविधा

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने वातानुकूलित अधिवक्ता चैंबर के निर्माण को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को लंबे समय से सुविधाजनक कार्यस्थल की जरूरत महसूस हो रही थी। आधुनिक चैंबर बनने के बाद गर्मी, बारिश और अन्य मौसम में अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य सुविधा मिलेगी। इसका लाभ तहसील में आने वाले वादकारियों को भी मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में विधानसभा संयोजक निशंक त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी पयागपुर संजय पांडेय, बीडीओ आशुतोष श्रीवास्तव, सीएचसी अधीक्षक डॉ. धीरेंद्र तिवारी, भाजपा के निवर्तमान उपाध्यक्ष उमाशंकर तिवारी, रजिस्ट्रार प्रभा मिश्रा, किसान मोर्चा के आनंद पांडेय, सभासद मुकेश शर्मा 'सुकेश', हरेंद्र सिंह सहित बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः Bahraich News: बाबागंज के साप्ताहिक बाजार में प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली की खुलेआम बिक्री, कार्रवाई पर उठे सवाल

संबंधित समाचार