Sitapur News: महिला की लोहे की रॉड से हत्या, मृतका के भाई ने पति-ससुरालियों पर लगाए गंभीर आरोप
सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के जलाईपुर गांव की घटना है जहा एक महिला की पति और ससुरालियों पर लोहे की रॉड से हमला कर मौत का आरोप लगाया है। सीओ महोली बोले – पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, ससुराल पक्ष सीढ़ी से गिरने की बात कह रहा है।
सीतापुर, अमृत विचार। पिसावां इलाके के जलाईपुर गांव में विवाहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सिर पर आई गंभीर चोटों के बीच मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। वहीं ससुराल पक्ष ने सीढ़ी से गिर जाने के कारण चोट लगने की बात कही है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। पिसावां थाना क्षेत्र के जलाईपुर निवासी शिवम यादव का विवाह करीब 18 माह पूर्व कोतवाली देहात क्षेत्र के उमरिया गांव निवासी 35 वर्षीय रेखा यादव से हुआ था।
बता दें कि मृतका के भाई निर्भय यादव के मुताबिक, रविवार देर रात फोन आया कि रेखा को मार दिया गया है। सूचना के बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां रेखा मृत अवस्था में मिली। उधर, ससुराल पक्ष की ओर से बताया गया कि रेखा गांव के एक युवक से बातचीत करती थी। वहीं, भाई निर्भय ने इस आरोप को खारिज करते हुए पति पर दूसरी शादी करने की इच्छा के चलते सिर पर लोहे की रॉड से वार कर हत्या का आरोप लगाया है।
इसका अलावा सीओ महोली नागेंद्र चौबे का कहना है कि ससुराल पक्ष का दावा है कि विवाहिता रेखा के सीढ़ियों से गिरने पर सिर में चोट आई थीं, बाद में उसकी मौत हो गई। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद निष्कर्षों के आधार पर आगे की कर्रवाई की जायेगी।
