Good News: लखनऊ में बनेगी 23 करोड़ की बहुमंजिला PRD बैरक, जवानों और परिवारों को कैशलेस इलाज की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में पीआरडी जवानों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे; लखनऊ में बहुमंजिला बैरक का शिलान्यास और पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ करेंगे।
लखनऊः उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के कल्याण की दिशा में दो बड़ी पहल की हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसी अवसर पर लखनऊ में 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ ही पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत भी होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि पीआरडी जवान सेवा, सुरक्षा, अनुशासन और जनसमर्पण की मजबूत पहचान हैं। उनकी निष्ठा और ईमानदारी प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था का विश्वसनीय आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में पीआरडी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार उनके कल्याण और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
जवानों को मिलेगा बेहतर आवास
लखनऊ में प्रस्तावित बहुमंजिला पीआरडी बैरक के निर्माण पर 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य पीआरडी जवानों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह पहल जवानों के जीवन में सुरक्षा और सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम होगी।
जवानों और परिवारों के लिए कैशलेस इलाज
पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना के जरिए जवानों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरत के समय बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। सरकार का मानना है कि इस योजना से चिकित्सा खर्च और इलाज को लेकर जवानों तथा उनके परिवारों को सामाजिक संबल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी पीआरडी जवानों को सम्मेलन और नई योजनाओं के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़ेंः Lucknow News : गृहकर, सीवर व जलकर बकायेदारों को बड़ी राहत! 15 अगस्त से OTS योजना शुरू; जानिए कैसे मिलेगा फायदा
