BPSC में पूरे बिहार में टॉप करने वाली प्रतापगढ़ की श्रद्धा पांडे को CM योगी ने किया सम्मानित, आईपैड देकर बढ़ाएंगे हौसला
डिजिटल डेस्क/प्रतापगढ़, अमृत विचार। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में पूरे बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतापगढ़ की बेटी श्रद्धा पांडे आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित किया। मुख्यमंत्री अपने प्रतापगढ़ दौरे के दौरान जीआईसी मैदान में आयोजित जनसभा के मंच से श्रद्धा पांडे को आईपैड भेंट कर उनकी उपलब्धि का सम्मान किया।
प्रतापगढ़ जिले की रानीगंज तहसील के पचरास गांव की रहने वाली श्रद्धा पांडे ने BPSC की 71वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में 593 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है। उनके पिता संतोष पांडे रानीगंज तहसील में अधिवक्ता हैं।
श्रद्धा इससे पहले उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट कमिश्नर (वाणिज्य कर) के पद पर चयनित हो चुकी हैं। अब BPSC में शीर्ष स्थान हासिल कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
श्रद्धा पांडे ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कार्य करने से उन्हें प्रशासनिक अनुभव मिला है। उनका कहना है कि यदि बिहार में सेवा करने का अवसर मिलता है तो वह वहां की परिस्थितियों और लोगों की अपेक्षाओं को समझते हुए पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करेंगी।
श्रद्धा अपनी सफलता का श्रेय लगातार मेहनत, अनुशासन और परिवार के सहयोग को देती हैं। वह बताती हैं कि परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए अक्सर अपने पिता के साथ बाइक से जाती थीं। बारिश, लंबी दूरी और अन्य कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए श्रद्धा कहती हैं कि परिस्थितियां हमेशा अनुकूल नहीं होतीं, लेकिन यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत पूरी ईमानदारी से की जाए तो सीमित संसाधनों में भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
अपनी तैयारी की रणनीति साझा करते हुए वह बताती हैं कि सबसे पहले उन्होंने बेसिक कॉन्सेप्ट मजबूत किए। इसके बाद नियमित रिवीजन, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास, मॉक टेस्ट और कमजोर विषयों पर विशेष फोकस किया। उनके अनुसार पढ़ाई में निरंतरता ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
यह भी पढ़ेंः सीएम योगी के बेल्हा पहुंचते ही बदला मौसम, बारिश के बीच एक क्लिक से 384 करोड़ की 111 विकास योजनाओं का शुभारंभ
