Bareilly News : सड़कों के निर्माण में देरी पर सख्त हुए सीएम योगी, अफसरों को दी 15 अगस्त की डेडलाइन
बरेली में सीएम ने विरोधियों को दिया कड़ा संदेश, पं. राधेश्याम कथावाचक की हवेली को म्यूजिम बनाने की घोषणा ऑडिटोरियम का नामकरण, मुख्यमंत्री बरेली पहुंचकर की मैराथन मंडलीय समीक्षा सड़क प्रस्ताव मंजूरी व निर्माण पर देरी पर दिखे सख्त नगर निगम के 51 मार्डन वाहनों को दिखाई हरी झंडी
बरेली, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा बैठक शुरू की तो अधूरे विकास प्रोजेक्ट, टूटी सड़कें, प्रस्ताव मंजूरी में देरी, जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर उनका रुख बेहद सख्त नजर आया। सीएम ने बैठक में मौजूद मंडलीय अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि जनहित के कामों में देरी या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विकास और कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक हर हाल में पहुंचना चाहिए। सिस्टम पारदर्शी और काम गुणवत्ता परक दिखे। हर बड़ी परियोजना की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क प्रबंधन बेहतर बनाकर हादसों में कमी लाई जाए। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के बाद जिन सड़कों की समय पर मरम्मत नहीं हुई है, वहां जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कई दिलचस्प घटनाएं भी देखने को मिलीं। मौसम खराब होने की वजह से मुख्यमंत्री तय से थोड़ृा देरी से 1:10 बजे सर्किट हाउस पहुंच सके। सर्किट हाउस में एक प्रमुख नेता का करीबी अंदर पहुंच गया, जिसे पुलिस ने सख्ती से रोक दिया। एक वरिष्ठ पदाधिकारी के पुत्र सीएम को गदा भेंट करने वहां पहुंचे तो पुलिस ने सुरक्षा कारणों से उनको आगे नहीं जाने दिया।
उन्होंने ग्राम सचिवालयों को ग्रामीणों के लिए अधिक उपयोगी बनाने और लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने मॉडल गौशालाओं का विकास कर वहां कंपोस्ट खाद और बायोगैस उत्पादन शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की बात भी कही। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना के व्यापक प्रचार, डेंगू और मलेरिया की रोकथाम, ठोस कचरा निस्तारण और अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जिले की प्रमुख विकास योजनाओं और प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत की।
मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को बरेली पहुंचकर सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासतों को विकास का आधार बताते हुए उनके सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने बरेली स्मार्ट सिटी ऑडिटोरियम में पंडित राधेश्याम कथावाचक की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ उनकी कोठी को संग्रहालय बनाने की घोषणा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की महत्ता पर जोर देते हुए कहा, जो भी अपनी विरासत की अवमानना करता है, वह स्वयं अपनी दुर्गति का रास्ता तैयार करता है। सनातन के बिना भारत की कल्पना कतई नहीं की जा सकती। कहा कि जिस प्रकार मध्यकाल में महर्षि वाल्मीकि और युग तुलसी ने रामभक्ति की अलख जगाई, ठीक वही काम आधुनिक काल में पंडित राधेश्याम ने किया।
सीएम योगी ने अमर कथावाचक को सनातन संस्कृति के महान संवाहक बताते हुए कहा कि उनकी कथा सुनते-सुनते हम बड़े हुए हैं। जो समाज अपनी विरासत का सम्मान, संरक्षण करता है, तेजी से विकास भी करता है। विरासत का सम्मान हमारी प्रगति का आधार है। उन्होंने कहा कि पंडित राधेश्याम को अभी तक वो सम्मान नहीं मिल सका जो उन्हें आज मिला है। म्यूजियम में उनकी स्मृतियां संग्रहित होंगी और नई पीढ़ी लाभ लेगी। सीएम योगी ने कथावाचक को नमन करते हुए उनके परिवार से मुलाकात की।
सड़क-सुरक्षा, शिकायतों पर सख्त निर्देश
बरेली। सीएम योगी ने सर्किट हाउस में विकास एवं कानून व्यवस्था के अलावा पीडब्ल्यूडी अफसरों के साथ सड़क व पुल निर्माण को लेकर मंडलीय समीक्षा बैठक भी ली। उन्होंने सड़क सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, साइबर अपराध, जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण और विकास परियोजनाओं में समयबद्धता को लेकर कड़े निर्देश दिए। सड़कों की मरम्मत और निर्माण 15 अगस्त से पूरी गति के साथ शुरू करने की हिदायत दी। बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए सुधारने के निर्देश दिए।
लखनऊ आग त्रासदी को लेकर सभी सरकारी और सार्वजनिक भवनों में फायर सेफ्टी ऑडिट और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ग्राम सचिवालयों को प्रभावी सेवा केंद्र बनाने को कहा। अफसरों से दो टूक कहा कि किसी भी कार्यालय से कोई फरियादी निराश नहीं लौटना चाहिए। भाजपा पदाधिकारी, एमपी-एमएलए, मेयर से मुलाकात के साथ अफसरों को विकास प्रस्तावों जल्दी मंजूरी को भेजने की हिदायत भी दी। सफाई कार्य के लिए नगर निगम के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाई।
