Moradabad News : त्रिशूल रक्षा संग्रहालय और श्रीराम वाटिका के लोकार्पण की तैयारी तेज
मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री के हाथों किया जाना है उद्घाटन, इसी माह प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज
मुरादाबाद, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के इस महीने के अंत तक प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इन दोनों के हाथों बुद्धि विहार स्थित त्रिशूल रक्षा संग्रहालय और श्रीराम वाटिका का उद्घाटन प्रस्तावित है। इसके चलते तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारी दिन-रात भागदौड़ कर व्यवस्था दुरुस्त कराने में लगे हैं। वहीं मुख्यमंत्री गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय का भी निरीक्षण कर सकते हैं। इसके निर्माण को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने मंगलवार को निरीक्षण किया था।
बुद्धि विहार में नगर निगम द्वारा 36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित त्रिशूल रक्षा संग्रहालय को उद्घाटन के लिए तैयार कर दिया गया है। इसमें तीनों सेनाओं के शौर्य व पराक्रम का दर्शन लोगों को मिलेगा। युद्धपोत, लड़ाकू विमान, थलसेना के द्वारा युद्ध के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति के तहत बने बंकर आदि को प्रदर्शित किया गया है। अत्याधुनिक हथियारों के माडल रक्षा मंत्रालय के सहयोग से यहां स्थापित किए गए हैं। अपनी तरह का यह देश का अनूठा रक्षा संग्रहालय है। इसके उद्घाटन के लिए दिल्ली में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से महापौर विनोद अग्रवाल, मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल की मुलाकात हो चुकी है।
वहीं, योगी आदित्यनाथ ने भी उद्घाटन कार्यक्रम में आने की सहमति दे चुके हैं। इसके अलावा श्रीराम वाटिका का भी उद्घाटन किया जाना है। जिसके लिए वाटिका में सभी तैयारी हो गई है। दिल्ली रोड पर नगर निगम की ओर से सफाई आदि का कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। देर रात तक अधिकारी भाग-दौड़ कर रहे हैं। मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह ने मंगलवार देर रात जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के साथ त्रिशूल रक्षा संग्रहालय, सीनियर सिटीजन केयर सेंटर आदि का भ्रमण कर तैयारियों को देखा था। उन्होंने यहां तक आने-जाने वाले रास्तों को भी दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री के द्वारा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और सीएम ग्रिड आदि के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण, गुरु जम्भेश्वर विवि के निर्माणाधीन भवन के निरीक्षण आदि को देखते हुए अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है कि अभी अंतिम रूप से कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है। लेकिन इस महीने के अंत में मुख्यमंत्री और रक्षामंत्री का आना लगभग तय है।
