Ayodhya News : लखनऊ अग्निकांड के एडीए ने चलाया अभियान, कई प्रतिष्ठान सील
अयोध्या, अमृत विचार : अयोधया विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को दूसरे दिन भी जांच अभियान चलाया। एडीए की प्रवर्तन टीम ने दूसरे दिन भी कई प्रतिष्ठानों को खामियों के चलते सील कर दिया। लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर एडीए की टीम ने मंगलवार को अभियान चलाकर सात कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी को सील किया था। अभियान की भनक लगते ही कई कोचिंग सेंटर स्वामी अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से खिसक लिए थे।
एडीए के उपाध्यक्ष अनुराज जैन के निर्देश पर एडीएम के प्रवर्तन दल ने बुधवार को नियावां सहित कई स्थानों पर अभियान के तहत प्रतिष्ठानों के मान चित्र के साथ अन्य मानकों की पड़ताल की। टीम ने प्रिया क्लासेस, दीपक बुक डिपो, मनाली रेस्टोरेट की पूरी इमारत के साथ कैंट रोड पर स्थित हनुमत क्लासेज सहित अन्य इमारतों को सील कर दिया। एडीए के अफसरों ने कहा कि बिना नक्शा पास कराए, मानकों को दर किनार करके चलाए जा रहे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निजी अस्पतालों में फायर सेफ्टी की होगी जांच
लखनऊ अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आदेश आते ही स्वास्थ्य विभाग ने समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकों को पत्र जारी कर निजी अस्पतालों में फायर सुरक्षा व्यवस्था का सख्ती से निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। जिले में करीब 200 निजी अस्पताल स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत हैं। इनमें कई अस्पताल मानकों पर आधारित हैं तो कई सांठ-गांठ के बल पर संचालित हो रहे हैं। कई तो बेसमेंट में ही आईसीयू, डायलिसिस यूनिट समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाएं संचालित कर रहे हैं।
सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार भिटौरिया ने चिकित्सा अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि जिले के सभी निजी हॉस्पिटलों का भौतिक स्थलीय निरीक्षण किया जाए। फायर सेफ्टी से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और तीन कार्य दिवस के अंदर रिपोर्ट अधोहस्ताक्षरी कार्यालय को सौंपी जाए।
उद्देश्य है कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निरीक्षण में फायर एक्सटिंग्विशर, स्मोक डिटेक्टर, इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म सिस्टम और स्टाफ की ट्रेनिंग की जांच की जाएगी। यदि कोई कमी पाई गई तो संबंधित अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
