TET Exam 2026 : टीईटी परीक्षा केंद्र अन्य जिलों में होने से शिक्षक परेशान, मांगा अवकाश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

50 वर्ष से अधिक आयु की महिला शिक्षकों को भी अन्य जिलों में मिले दूर-दराज केंद्र

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के लिए परीक्षा केंद्र अन्य जिलों में होने के बाद वरिष्ठ शिक्षक काफी परेशान नजर आ रहे हैं। जहां एक ओर टीईटी अनिवार्यता के कारण पहले से ही चिंतित थे, वहीं अब दूरदराज के केंद्र पर पहुंचना उनके लिए कोई चुनौती से कम साबित नहीं हो रहा है। 

कई शिक्षिकाएं ऐसी हैं जो 50 वर्ष की आयु पार कर चुकी हैं, जिस समय उनके बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठ रहे है, उन्हें टीईटी परीक्षा देना सम्मान को ठेस पहुंचाने जैसा लग रहा है। शिक्षकों का कहना है कि जनगणना कार्य में लगे होने के कारण टीईटी की तैयारी नहीं हो पाई है, सरकार को इसके लिए अलग से अवकाश देना चाहिए।

मलिहाबाद की शिक्षिका विमला चंद्रा व सरोजिनी नगर की शिक्षिका रेखा शुक्ला का सेंटर लखीमपुर खीरी जाने से काफी परेशान है। इनका कहना है कि सेवाकाल के इतने वर्षों बाद इस उम्र में परीक्षा देना काफी कठिन साबित हो रहा है। स्कूल के चलते जहां तैयारी में भी बाधा उत्पन्न हुई, वहीं दूर दराज क्षेत्रों में सेंटर पढ़ने से आवागमन में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। 

मलिहाबाद की शिक्षिका राखी वर्मा, मंजू चौधरी का सेंटर सीतापुर जबकि काकोरी की कविता छावड़ा का केंद्र लखीमपुर खीरी जाने पर नाराजगी व्यक्त की है। शिक्षिकाओं का कहना है कि शासन को वरिष्ठ शिक्षकों की उम्र व सेवा सम्मान को ध्यान में रखते हुए परीक्षा सेंटर गृह जनपद रखना चाहिए था। प्रदेश के हजारों वरिष्ठ शिक्षकों का सेंटर अन्य जिलों में जाने से वे काफी चिंतित है।

1 लाख 86 हजार शिक्षक प्रभावित

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडे ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन कार्यरत करीब 1 लाख 86 हजार शिक्षक टीईटी अनिवार्यता से प्रभावित है। कई वरिष्ठ शिक्षकों के केंद्र दूसरे जिलों के चलते परीक्षा से एक दिन पहले संबंधित शहर में पहुंचना एक चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में शिक्षकों को परीक्षा दिवस में विभागीय अवकाश प्रदान किया जाना न्यायोचित होगा।

दंपति शिक्षकों के अलग-अलग जिलों में केंद्र

कई ऐसे शिक्षक जो विगत 15 से 20 वर्षो से शिक्षण कार्य कर रहे हैं और पति-पत्नी दोनों शिक्षक है उन्हें अब टीईटी पास करना पड़ रहा है। ऐसे दंपत्ति शिक्षकों का परीक्षा केंद्र अलग-अलग जिलों में दिया गया है। प्राथमिक शिक्षक ब्रजेश मिश्र का परीक्षा केंद्र देवरिया है तो उनकी धर्मपत्नी का केंद्र अयोध्या दिया गया है।

संबंधित समाचार