Moradabad News : दस होटल और ढाबों को किया गया सील, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हुई सख्ती

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

नगर निगम की रेलवे स्टेशन रोड पर देर रात की गई कार्रवाई से मचा हड़कंप

योगी सरकार की सख्ती का जिला व निगम प्रशासन पर दिखा असर, फुटपाथ पर रखा सामान जब्त कर निगम के स्टोर में जमा करा दिया

मुरादाबाद, अमृत विचार। नियमों का उल्लंघन कर संचालित होटल, ढाबे, बिरयानी सेंटर आदि पर नगर निगम का चाबुक चला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त तेवर के बाद जिला प्रशासन और नगर निगम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए शहर में दस से अधिक होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे को सील कर दिया। इन होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट के संचालकों के अलावा अन्य दुकानदार भी सहम गए।

मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने रेलवे स्टेशन रोड पर मंगलवार की देर रात अभियान चलाकर अवैध तरीके से संचालित होटलों, ढाबों, बिरयानी सेंटर आदि पर कार्रवाई की। शर्मा होटल, माहेश्वरी होटल, वीआईपी रेस्टोरेंट सहित दस होटल, ढाबे, बिरयानी सेंटर को सील कर दिया। वहीं फुटपाथ पर रखे सामानों को जब्त कर उसे निगम की गाड़ी में लादकर स्टोर में जमा करा दिया। टीम के तेवर देखकर प्रतिष्ठान संचालकों के अलावा वहां मौजूद ग्राहक भी सहम गए।

नगर निगम की टीम की कार्रवाई शुरू होते ही ग्राहक होटल, रेस्टारेंट, ढाबे, बिरयानी सेंटर से निकल कर भागने लगे। इसके बाद नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों को भारी पुलिस फोर्स और नगर निगम के प्रवर्तन दल की मौजूदगी में सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान रेलवे स्टेशन रोड पर जाम लग गया। होटल मालिकों के हाथ-पैर फूल गए और अपना सामान समेट कर भागने में जुट गए। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने दो टूक कहा कि अतिक्रमण करने और नियमों को तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मनमानी कर जन स्वास्थ्य को खतरे में डालने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

संबंधित समाचार