रेल यात्री ध्यान दें... लखनऊ स्टेशन पर 82 दिन का ब्लॉक, मुरादाबाद मंडल की दर्जनों ट्रेनें प्रभावित, कई ट्रेनों के मार्ग और प्लेटफॉर्म बदले
मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के लखनऊ स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 के ब्लॉक, ओएचई पोर्टल शिफ्टिंग और निरंतरता जंपर लगाने के काम के चलते मुरादाबाद रेल मंडल से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन 24 जून से 13 सितंबर 2026 तक प्रभावित रहेगा। यह व्यवस्था कुल 82 दिनों तक चलेगी।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि लखनऊ स्टेशन पर चल रहे अधोसंरचनात्मक कार्यों के कारण प्लेटफॉर्म नंबर 1, 5 और एमआर-1 पूरी तरह प्रभावित रहेंगे।
वहीं प्लेटफॉर्म नंबर 2, 3, 4 और 7 आंशिक रूप से प्रभावित होंगे।इसके चलते कुल 20 ट्रेनों को उतराठिया-परिवहन नगर-आलमनगर मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया है। इन ट्रेनों का लखनऊ स्टेशन पर कोई ठहराव नहीं होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए आलमनगर और उतराठिया स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था की गई है।
प्रभावित प्रमुख ट्रेनें (डायवर्सन वाली):
- प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस
- प्रयागराज संगम-सहारनपुर एक्सप्रेस
- शक्तिनगर-टनकपुर एक्सप्रेस
- सिंगरौली-टनकपुर एक्सप्रेस
- काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस
- जनता एक्सप्रेस
- हरिहर एक्सप्रेस
- जनसाधारण एक्सप्रेस
- हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस को कानपुर, प्रयागराज और फाफामऊ मार्ग से चलाया जाएगा।इसके अलावा कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म नंबर भी बदल दिए गए हैं। प्रभावित ट्रेन नंबरों में 22490, 12875, 22489, 13005, 15904, 22426, 13307, 15652, 22200, 13152, 19409, 15065, 13168 और 22425 शामिल हैं।रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का पूरा रूट, ठहराव और प्लेटफॉर्म नंबर अवश्य चेक कर लें।
ऐशबाग, बादशाहनगर, आलमनगर और उतराठिया स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। जानकारी स्टेशन नोटिस बोर्ड, पूछताछ केंद्र और उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से दी जा रही है। रेलवे का कहना है कि काम पूरा होने के बाद लखनऊ स्टेशन पर रेल संचालन और यात्री सुविधाओं में काफी सुधार होगा।
