Raebareli News: सई नदी में मिला लापता महिला का शव, इलाके में सनसनी
सलोन (रायबरेली): रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बघौल के पास गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सई नदी में एक महिला का शव उतराता हुआ मिला। मृतका की पहचान डीह क्षेत्र के धनकेसरा (मजरे पूरब नयन) की रहने वाली 35 वर्षीय अनीता यादव के रूप में हुई है, जो कि हीरालाल यादव की पत्नी थीं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए।
सुबह घर से निकली थीं अनीता
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कि अनीता यादव गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे बिना किसी को कुछ बताए घर से निकली थीं। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच बघौल स्थित सई नदी में एक महिला का शव मिलने की खबर आई, जिसकी पहचान अनीता के रूप में हुई।
मानसिक बीमारी और नदी में छलांग लगाने की आशंका
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का अनुमान है कि महिला ने नदी में कूदकर अपनी जान दी है। वहीं, मृतका के पति हीरालाल यादव ने पुलिस को बताया कि अनीता पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थीं और उनका इलाज भी चल रहा था।
पुलिस की शुरुआती तफ्तीश और पंचनामे के दौरान महिला के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जो प्रथम दृष्टया आत्महत्या की ओर इशारा करते हैं।
17 साल पहले हुई थी शादी, पीछे रोते बिलखते छूटे मासूम
अनीता की शादी करीब 17 वर्ष पूर्व हीरालाल के साथ हुई थी। इस दुखद हादसे के बाद उनके दो बच्चे (उम्र लगभग 8 और 10 वर्ष) अनाथ हो गए हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
सूची चौकी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का सटीक पता चल सकेगा।
