छुट्टी लेकर गए और लौटे ही नहीं, पीलीभीत में दरोगा समेत 13 पुलिसकर्मी और दो स्वीपर निलंबित

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

पीलीभीत, अमृत विचार। अवकाश लेने के बाद लंबे समय तक ड्यूटी पर वापस नहीं लौटने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने बड़ी कार्रवाई की है। बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित रहने पर एक दरोगा समेत 13 पुलिसकर्मियों और दो स्वीपर को निलंबित कर दिया गया। वहीं इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

कोई तीन दिन की छुट्टी लेकर गया, दो साल बाद भी नहीं लौटा

पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान सामने आया कि कई कर्मचारी छुट्टी लेकर गए, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी वापस नहीं लौटे। कुछ कर्मचारियों ने विभाग को कोई सूचना तक नहीं दी। इनमें एक पुलिसकर्मी ऐसा भी है, जो तीन दिन का अवकाश लेकर गया था और करीब दो साल बाद भी ड्यूटी पर वापस नहीं आया। लगातार गैरहाजिर रहने के बावजूद किसी तरह का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।

ईवीएम गार्ड ड्यूटी में भी नहीं पहुंचा आरक्षी

आगामी चुनावों को देखते हुए एक आरक्षी की ड्यूटी ईवीएम गार्ड में लगाई गई थी, लेकिन वह निर्धारित स्थान पर पहुंचने के बजाय अनुपस्थित हो गया। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उसके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव से जुड़े कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पीलीभीत में दरोगा समेत 13 पुलिसकर्मी और दो स्वीपर निलंबित

दरोगा समेत इन कर्मचारियों पर गिरी गाज

एसपी सुकीर्ति माधव ने दरोगा विकास कुमार, हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर शुक्ला, कांस्टेबल प्रदीप कुमार, गौतम तोमर, विश्वेंद्र बालियान, रोहित खोखर, हिमांशु कुमार, शोभित कुमार, अमित कुमार, आशीष कुमार, महिला सिपाही मेघा शर्मा तथा स्वीपर लकी बाबू और सलीम मियां समेत कुल 15 कर्मियों को निलंबित कर दिया। विभागीय स्तर पर इनके खिलाफ आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।

विभाग में मचा हड़कंप, अनुपस्थित कर्मचारियों पर निगरानी बढ़ी

एक साथ इतने कर्मचारियों के निलंबन के बाद पुलिस विभाग में खलबली मची रही। अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति और बिना सूचना के ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी इकाइयों में कर्मचारियों की उपस्थिति और अवकाश से वापसी की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें:- Pilibhit News : नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म करने वाला भेजा जेल, घर पर जेसीबी से ध्वस्त

संबंधित समाचार