Prayagraj News : प्रयागराज में कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने पटना से दबोचा
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कोडीनयुक्त कफ सिरप की कथित अवैध तस्करी के मामले में एयरपोर्ट थाना पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के तीसरे आरोपी राहुल कुमार श्रीवास्तव को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया है।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में कोडीनयुक्त कफ सिरप की कथित अवैध तस्करी के मामले में एयरपोर्ट थाना पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के तीसरे आरोपी राहुल कुमार श्रीवास्तव को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार किया है। बैंकिंग लेनदेन की जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना के दौरान कोडीनयुक्त कफ सिरप की कथित अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में यह तथ्य सामने आया कि बुकिंग और आपूर्ति से संबंधित कुछ आर्थिक लेनदेन राहुल कुमार श्रीवास्तव के बैंक खाते के माध्यम से किए गए थे। बैंक खातों और उनसे जुड़े ट्रांजैक्शनों की पड़ताल में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने के बाद एयरपोर्ट थाना पुलिस की एक टीम को पटना भेजा गया। वहां से आरोपी को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।
मेडिकल उपकरणों और दवाओं के कारोबार से जुड़ा है गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार श्रीवास्तव बिहार के पटना जिले के मोहम्मदीगंज थाना क्षेत्र स्थित बिरूवाचक ठाकुरबाड़ी रोड का निवासी है। पुलिस के मुताबिक वह मेडिकल उपकरणों और दवाओं के कारोबार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
विवेचना में नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी कारोबारी गतिविधियों तथा बैंक खातों की भी जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपी की भूमिका केवल बैंक खाते के इस्तेमाल तक सीमित थी अथवा वह इस कथित नेटवर्क का सक्रिय सदस्य भी था।गिरफ्तारी के बाद एयरपोर्ट थाना पुलिस ने स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया और आरोपी को प्रयागराज लाकर पूछताछ की।
पुलिस ने उससे कथित नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन तथा सप्लाई चेन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सहायक पुलिस उपायुक्त धूमनगंज अजयेंद्र यादव ने बताया कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच का मुख्य केंद्र पूरे वित्तीय नेटवर्क की पड़ताल है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित अवैध कारोबार से जुड़े धन का प्रवाह किन-किन खातों के माध्यम से हुआ, किन लोगों ने आर्थिक सहयोग किया और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
