Pilibhit: गन्ना भुगतान और मझोला मिल के मुद्दे पर बिफरे किसान, किया राज्यमंत्री आवास का घेराव

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के कार्यालय से आवास तक प्रदर्शन और नारेबाजी

पीलीभीत, अमृत विचार। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान और वर्षों से बंद पड़ी मझोला चीनी मिल को चालू कराने की मांग को लेकर किसानों का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार की अगुवाई में करीब एक हजार से अधिक किसान  हाईवे पर एकत्र हुए और जुलूस निकालते हुए गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के जनसहयोग कार्यालय होते हुए उनके आवास तक पहुंच गए। वहां किसानों ने जमकर नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

ओसवाल चीनी मिल पर करोड़ो बकाया
किसानों ने आरोप लगाया कि बजाज हिन्दुस्थान चीनी मिल बरखेड़ा और ओसवाल चीनी मिल नवाबगंज पर किसानों का करोड़ों रुपये गन्ना मूल्य बकाया है, लेकिन भुगतान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बंद पड़ी मझोला चीनी मिल को दोबारा संचालित कराने की भी मांग उठाई और कहा कि मिल चालू होने से क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

किसानों को मंत्री ने दिया आश्वासन
प्रदर्शन के दौरान किसानों का जत्था हाईवे से होते हुए राज्यमंत्री आवास पहुंचा। इससे पूर्व  काफी देर तक बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ जमा रहने के बावजूद स्थानीय पुलिस मौके पर नजर नहीं आई। बाद में जानकारी मिलने पर दो थानों की पुलिस पहुंची और स्थिति पर नजर रखी। राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कुमुद गंगवार से दूरभाष पर वार्ता की।  राज्यमंत्री ने किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर प्रयास करने का आश्वासन दिया।

पुलिस की सक्रियता पर उठे सवाल
करीब हजार से अधिक किसानों का जुलूस हाईवे से होकर राज्यमंत्री आवास तक पहुंच गया, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी समय रहते जानकारी नहीं मिल सकी। भीड़ बढ़ने के बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने से खुफिया तंत्र और स्थानीय पुलिस की सतर्कता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

संबंधित समाचार