GST Collection June 2026: जून में जीएसटी संग्रह 13.9% बढ़कर 1.94 लाख करोड़ रुपये, आयात से बढ़ी कमाई
देश में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह में जून 2026 के दौरान उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। वित्त मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जून में सकल जीएसटी संग्रह 13.9 प्रतिशत बढ़कर 1,94,812 करोड़ रुपये पर पहुंच गया
नई दिल्ली। देश में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह में जून 2026 के दौरान उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। वित्त मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जून में सकल जीएसटी संग्रह 13.9 प्रतिशत बढ़कर 1,94,812 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह 1.71 लाख करोड़ रुपये के आसपास था।
सरकार के अनुसार, इस बढ़ोतरी में महंगे आयात (इंपोर्ट) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मूल्य के आधार पर आयात बढ़ने से आयात पर प्राप्त जीएसटी राजस्व 34.6 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 60,038 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, घरेलू लेन-देन से प्राप्त जीएसटी राजस्व 1,34,774 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल जून की तुलना में 6.5 प्रतिशत अधिक है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि जून के दौरान कुल 32,436 करोड़ रुपये का जीएसटी रिफंड जारी किया गया। इसके बाद शुद्ध जीएसटी संग्रह 11.2 प्रतिशत बढ़कर 1,62,377 करोड़ रुपये रहा।
घरेलू कारोबारियों को जून में 17,767 करोड़ रुपये का रिफंड दिया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 42.9 प्रतिशत अधिक है। वहीं, आयातकों को जारी किया गया रिफंड 15.6 प्रतिशत बढ़कर 14,669 करोड़ रुपये पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में सकल जीएसटी संग्रह 6,31,699 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.4 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में सरकार ने कुल 91,482 करोड़ रुपये का रिफंड जारी किया, जिसमें सालाना आधार पर 16.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
रिफंड समायोजित करने के बाद पहली तिमाही का शुद्ध जीएसटी संग्रह 5,40,218 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 7.1 प्रतिशत अधिक है। विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत आयात, बेहतर कर अनुपालन और आर्थिक गतिविधियों में तेजी के चलते जीएसटी संग्रह में लगातार मजबूती बनी हुई है।
जून 2026 में जीएसटी संग्रह की प्रमुख बातें
- सकल जीएसटी संग्रह: 1,94,812 करोड़ रुपये (13.9% की सालाना वृद्धि)
- शुद्ध जीएसटी संग्रह: 1,62,377 करोड़ रुपये (11.2% की बढ़ोतरी)
- आयात पर जीएसटी संग्रह: 60,038 करोड़ रुपये (34.6% की वृद्धि)
- घरेलू लेन-देन से जीएसटी: 1,34,774 करोड़ रुपये (6.5% अधिक)
- कुल जीएसटी रिफंड: 32,436 करोड़ रुपये
- घरेलू कारोबारियों को रिफंड: 17,767 करोड़ रुपये
- आयातकों को रिफंड: 14,669 करोड़ रुपये
- अप्रैल-जून 2026 तिमाही का सकल जीएसटी संग्रह: 6,31,699 करोड़ रुपये (8.4% की वृद्धि)
- पहली तिमाही का शुद्ध जीएसटी संग्रह: 5,40,218 करोड़ रुपये (7.1% अधिक)
