राम मंदिर चढ़ावा मामले में 20 हजार करोड़ के घोटाले का दावा, प्रो. रामगोपाल यादव ने उच्चस्तरीय जांच की मांग की

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

राम मंदिर चढ़ावा मामले में कम से कम 20 हजार करोड़ का घोटाला : रामगोपाल

सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में 20 हजार करोड़ रुपये के कथित घोटाले का दावा करते हुए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की। सैफई में अखिलेश यादव के जन्मदिन कार्यक्रम में उन्होंने यह बयान दिया।

इटावा। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में कम से कम 20 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है और अब तक की कार्रवाई केवल सतही स्तर तक सीमित रही है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

सैफई में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में प्रो. यादव ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में बड़े लोगों की संलिप्तता की आशंका है, लेकिन जांच वास्तविक जिम्मेदारों तक नहीं पहुंच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोना, चांदी, हीरे के हार और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं का पूरा विवरण अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। उनका कहना था कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर कम से कम 20 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि केवल कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर मामले को समाप्त नहीं किया जा सकता। वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदेश की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि जनता भ्रष्टाचार, महंगाई, दमन और अत्याचार से परेशान है तथा मौजूदा सरकार की नीतियों से ऊब चुकी है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को सत्ता सौंपेगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी।

इस दौरान अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में 53 अमलतास के पौधे लगाए गए, जो उनके 53वें जन्मदिन का प्रतीक बने। महिलाओं ने पौधारोपण की शुरुआत की, जबकि कार्यकर्ताओं ने केक काटकर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम स्थल पर समाजवादी आंदोलन के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का चित्र प्रमुखता से लगाया गया था। वहीं, अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ "53 के अखिलेश" लिखे विशेष होर्डिंग आकर्षण का केंद्र रहे। समारोह में सांसद अक्षय यादव, विधायक प्रदीप यादव, राघवेंद्र गौतम, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, वीरू भदौरिया, प्रदेश सचिव गोपाल यादव, केपी सिंह शाक्य, पूर्व चेयरमैन कुलदीप गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

अखिलेश के जन्मदिन पर 53 अमलतास के पौधे

अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर सैफई में 53 अमलतास के पौधे लगाए गए। प्रो. रामगोपाल यादव ने इसे पर्यावरण संरक्षण का संकल्प बताते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।

संबंधित समाचार