Bareilly Collage : परीक्षा कार्यक्रम कर दिया जारी...नहीं की तैयारी

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

ऑफिस मैनेजमेंट एंड कंप्यूटर एप्लीकेशन की थी परीक्षा

बुधवार दोपहर परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं को बैरंग लौटना पड़ा, विभागों में तालमेल की कमी छात्र-छात्राओं के लिए बनी मुसीबत

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज प्रशासन का कन्फ्यूजन बुधवार को बीकॉम के बच्चों के लिए टेंशन का सबब बन गया। परीक्षा का कार्यक्रम तो जारी कर दिया गया, लेकिन बी-कॉम संकाय, बीसीए संकाय व परीक्षा नियंत्रक के बीच सामंजस्य की कमी के कारण वोकेशनल परीक्षा देने आए बीकॉम के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को बैरंग लौटना पड़ा। एक घंटा तक छात्र-छात्राएं भटकते रहे। सूचना पर परीक्षा नियंत्रक मौके पर पहुंचे और गलती मानते हुए विद्यार्थियों को गुरुवार सुबह 11 बजे का समय दिया गया।

दरअसल, एक दिन पहले कॉलेज परीक्षा नियंत्रक प्रो. एके सिंह ने वोकेशनल परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया। जिसमें बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का ऑफिस मैनेजमेंट एवं कंप्यूटर एप्लीकेशन का पेपर था। सभी विद्यार्थियों को दोपहर 12 बजे बीसीए विभाग में बुलाया गया। परीक्षा से आधा घंटा पहले बीसीए विभाग में छात्र पहुंचने शुरू हो गए। निर्धारित समय पर जब परीक्षा शुरू नहीं हुई तो छात्र-छात्राएं परेशान होकर बीबीए तो कभी बीसीए विभागाध्यक्षों के पास पहुंचने लगे। मगर बीसीए विभागाध्यक्ष ने परीक्षा की जानकारी नहीं होने का हवाला देकर हाथ खड़े कर लिए।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. एके सिंह को इस बात की जानकारी लगी तो वह मौके पर पहुंचे। बीसीए व बीकॉम के विभागाध्यक्षों से बात की। उन्होंने समन्वय नहीं होने की गलती मानी और छात्र-छात्राओं को परीक्षा कराने का आश्वासन देकर गुरुवार दोपहर 11 बजे बीकॉम संकाय में बुलाया है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि कन्फ्यूजन की वजह से ये स्थिति पैदा हुई। उन्हें अंदाजा नहीं था कि छात्र-छात्राएं इतनी ज्यादा संख्या में होंगे, अब बीकॉम से उन्हें 294 विद्यार्थियों की सूची मिली है। जिनकी परीक्षा गुरुवार को कराई जाएगी।

बीबीए और बीसीए के बीच असल कन्फ्यूजन
दरअसल, जिस विषय की परीक्षा को देने आए छात्रों को बैरंग लौटना पड़ा, उनका व्यावसायिक शिक्षा के तहत बीकॉम के लिए वैकल्पिक विषय है। बीकॉम संकाय के विभागाध्यक्ष प्रो. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ऑफिस मैनेजमेंट एवं कंप्यूटर एप्लीकेशन का विषय बीसीए में पढ़ाया जाता है। जिसकी 200 रुपये अतिरिक्त फीस भी बीसीए विभाग बीकॉम के छात्रों से वसूलता है। पूर्व के दिनों में भी बीसीए में ही परीक्षा कराई जाती रही है।

बीसीए विभागाध्यक्ष को नहीं मिली पूर्व सूचना
बीसीए की विभागाध्यक्ष रोमा सक्सेना ने बताया कि उनकी तरफ से कोई परीक्षा कार्यक्रम नहीं डाला गया था। परीक्षा नियंत्रक की तरफ से विद्यार्थियों को बुलाया गया था। परीक्षा कराने के लिए उन्हें कोई सूचना भी नहीं दी गई थी। न तो पेपर दिया गया था न ही रोल नंबर बताए गए थे, अगर बताया जाता तो परीक्षा जरूर कराते। पूर्व के दिनों में भी कराते रहे हैं।

संबंधित समाचार