अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन: लखनऊ विश्वविद्यालय में 53 पौधरोपण, पार्टी कार्यालय में उत्सव का माहौल; समर्थकों ने दी लंबी उम्र की शुभकामनाएं

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बुधवार को पूरे प्रदेश में उत्साह और जोश के साथ मनाया जा रहा है। लखनऊ में पार्टी कार्यालय से लेकर उनके आवास तक समर्थकों की भारी भीड़ देखने को मिली। जगह-जगह पौधारोपण, साइकिल वितरण और शुभकामना कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समाजवादी छात्र सभा ने लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिवस के अवसर पर 53 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र नेता आदित्य पाण्डेय ने युवाओं, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि समाजवादी छात्र सभा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज़ उठाती रहेगी और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य जारी रखेगी।

किन्नर समाज ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया जश्न

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उनके लखनऊ स्थित आवास के बाहर किन्नर समाज ने ढोल-नगाड़ों के साथ उत्सव मनाया। किन्नर समाज के लोगों ने नृत्य और पारंपरिक अंदाज में खुशी का इजहार करते हुए अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। समर्थकों के अनुसार यह दिन प्रदेश की जनता के लिए भी विशेष महत्व रखता है।

पार्टी कार्यालय में हजारों साइकिलें होंगी वितरित

समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी जन्मदिन समारोह धूमधाम से आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर हजारों साइकिलों के वितरण का कार्यक्रम रखा गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या कार्यालय पहुंच रही है, जहां पूरे दिन विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। इस दौरान रोहित यादव, आदित्य पाण्डेय, अक्षत पाण्डेय, रवि नन्दन यादव, प्रभात मानव, रुद्रांश, आर्यन और रुद्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ेंः UP School Chalo Abhiyan 2026: दूसरे चरण के लिए 1.63 करोड़ रुपये मंजूर, 1 से 15 जुलाई तक चलेगा विशेष नामांकन अभियान

संबंधित समाचार