Bareilly News : मानकों को लेकर प्रशासन के तेवर कड़े , सात काेचिंग सील

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

कई विभागों के अफसरों ने 47 कोचिंग सेंटरों का किया निरीक्षण, सुरक्षा मानकों में खामियां मिलने पर की गई कार्रवाई

पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन विभाग, बीडीए के अफसरों ने की संयुक्त कार्रवाई, लखनऊ में काेचिंग संस्थान में भीषण आग के बाद चलाया जा रहा अभियान

बरेली, अमृत विचार। लखनऊ में कोचिंग में भीषण अग्निकांड के बाद बरेली प्रशासन के तेवर कड़े हो गए हैं। जिले में कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष अभियान बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और विकास प्राधिकरण की संयुक्त टीम ने 47 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर मानकों में खामियां मिलने पर सात संस्थानों को सील कर दिया।

अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारिक, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा समेत अन्य अधिकारियों की टीम ने राजेंद्र नगर और सुभाषनगर में 47 कोचिंग संस्थानों की जांच की। इस दौरान भवन की सुरक्षा, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग, मानचित्र स्वीकृति समेत अन्य मानकों का परीक्षण किया गया। जांच में कई संस्थान निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहे थे। कुछ कोचिंग संस्थान आवासीय भवनों में नियमों के विपरीत चलते मिले। बरेली विकास प्राधिकरण और आवास विकास परिषद की टीम ने ऐसे सात कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। सील किए गए संस्थानों में ओमेगा क्लासेस, मैट्रिक्स पुलिस एकेडमी, परिवर्तन कॉमर्स क्लासेस, शरद कोचिंग, आशीष क्लासेस, इंदु मंथ्रा समेत सात कोचिंग शामिल हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ की घटना से सबक लेते हुए जिले के सभी कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले शिक्षण केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच कराई जा रही है। प्रशासन के इस अभियान से अवैध और मानकों के विपरीत संचालित संस्थानों में हड़कंप मचा हुआ है। ओमेगा क्लासेस के डायरेक्टर मो. कलीमुद्दीन ने कहा कि हमारी कोचिंग जिस भवन में चल रही थी वह भवन आवासीय था। हमें इस बात की जानकारी नहीं थी। भवन को बीडीए ने सील कर दिया है। हम अपनी कोचिंग जल्द ही ऐसी बिल्डिंग में शिफ्ट कर देंगे जो बीडीए द्वारा पास होगी।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि कार्रवाई जारी रहेगी। छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार से समझौता नहीं किया जाएगा। जो कोचिंग मानकों के विपरीत चल रहीं हैं उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। लखनऊ में हुई बड़ी त्रासदी एक सबक है। कोचिंग संचालकों काे नियमों का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा।

सात कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई है। जिन भवनों में कोचिंग सेंटर चल रहा था, उनके लिए बीडीए नोटिस जारी करेगा। प्रशासन की तरफ से कोचिंग का पंजीकरण निरस्त किया जाएगा। शासन स्तर पर चलाया जा रहा अभियान जारी रहेगा। -राजेश कुमार वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट।

संबंधित समाचार