SC/ST मुकदमों पर मिल्कीपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई; 2 मामलों में लगी फाइनल रिपोर्ट, सामाजिक सौहार्द के लिए थानों में चल रहा जनसंवाद
इनायतनगर/अयोध्या, अमृत विचार : मिल्कीपुर सर्किल के कुमारगंज, इनायत नगर सहित खंडासा थानों में वर्ष 2025 के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति एक्ट के तहत कुल 62 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 60 मामलों में विवेचना पूरी कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जिसमें दो मामलों में अंतिम रिपोर्ट भेजी गई है।
क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष ने बुधवार को बताया कि इन मुकदमों में समुदाय के साथ मारपीट, गाली-गलौज और छेड़छाड़ जैसी धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने इन मामलों की जांच को प्राथमिकता पर रखा। दर्ज किए गए 62 मुकदमों में से 60 मामलों की विवेचना समय पर पूरी की गई। साक्ष्य संकलित कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की गई है, जिससे अब इन मामलों की सुनवाई आगे बढ़ सकेगी। इसके अतिरिक्त दो मुकदमों में साक्ष्य के अभाव या अन्य कारणों से अंतिम रिपोर्ट न्यायालय को भेजी गई है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान आरोप प्रमाणित न होने पर नियमानुसार फाइनल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती है।
उन्होंने कहा कि एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों को संवेदनशील श्रेणी में रखा जाता है। शासन स्तर से पुलिस को त्वरित कार्रवाई, पीड़ित पक्ष की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों द्वारा सभी मामलों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचा जा सके। कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए क्षेत्र में जनसंवाद, चौपाल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। लोगों से अपील की गई है कि जातिगत टिप्पणी, उत्पीड़न या भेदभाव से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
