CM योगी का गोंडा दौरा आज, 31 विधानसभाओं की 1550 करोड़ की सड़क परियोजनाओं को हरी झंडी
गोंडा, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान वह देवीपाटन और बस्ती मंडल के विकास कार्यों, विशेषकर ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की सड़कों की कायाकल्प करने वाली बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।
सीएम योगी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
बता दें सीएम दोपहर 12.20 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड में बने हेलीपैड पर उतरेंगे और सीधे देवी पाटन मंडल आयुक्त कार्यालय जायेंगे। वहां महराजा सुहेलदेव सभागार में देवी पाटन मंडल व बस्ती मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। समीक्षा बैठक में दोनों मंडलों की 31 विधानसभाओं में प्रस्तावित 1550 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर मंथन होगा।
7.jpg)
हाल ही में मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 50-50 करोड़ रुपये की लागत से प्रमुख सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण कार्य कराने की घोषणा की थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग को संबंधित विधायकों से प्रस्ताव लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
31 विधानसभाओं को मिलेगा ₹1550 करोड़ का तोहफा
बैठक में मुख्यमंत्री यह जानने का प्रयास करेंगे कि किन-किन मार्गों को प्राथमिकता दी गई है, प्रस्तावित सड़कों से कितनी आबादी को लाभ मिलेगा और परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारियां किस स्तर तक पहुंची हैं। देवीपाटन मंडल के बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा और बहराइच जिलों के साथ बस्ती मंडल के बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जिलों की सड़क परियोजनाओं पर सीएम का विशेष फोकस रहेगा।
6.jpg)
माना जा रहा है कि समीक्षा के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अंतिम स्वीकृति भी मिल सकती है।अधिकारियों का मानना है कि मुख्यमंत्री की समीक्षा के बाद जिन परियोजनाओं को हरी झंडी मिलेगी, वे आने वाले वर्षों में क्षेत्र के विकास की दिशा तय करेंगी। विशेष रूप से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सीएम के समीक्षा बैठक को लेकर गोंडा जिला प्रशासन की तरफ से तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सीएम के आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डीआईजी अशोक शुक्ला व एसपी विनीत जायसवाल ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दे चुके हैं।
