56 साल के हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पीएम मोदी ने दी बधाई, कांग्रेस नेता खरगे ने लिखा भावुक पोस्ट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर शुक्रवार को उन्हें बधाई दी और कहा कि वह सत्ता के सामने निर्भीक होकर सच कहते हुए समाज के सबसे कमजोर और हाशिए पर खड़े लोगों के अधिकारों और हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं।

राहुल गांधी का जन्म 19 जून, 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ज्येष्ठ संतान हैं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश के रायबरेली से लोकसभा सदस्य और निचले सदन में नेता प्रतिपक्ष हैं। वह पिछले 22 वर्षों से सक्रिय राजनीति में हैं। 

मोदी ने राहुल गांधी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल कांधी को उनके जन्मदिन के मौके पर शुक्रवार को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं लंबी उम्र की कामना की। मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर राहुल गांधी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएँ। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूँ।"

खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, '' राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। संविधान के आदर्शों के प्रति आपकी अटूट निष्ठा और वंचित एवं अनसुनी आवाज़ों के लिए आपका अडिग संघर्ष लाखों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। समावेशिता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा की कांग्रेस पार्टी की गौरवशाली परंपरा आपके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में स्पष्ट रूप से प्रतिबिंबित होती है।" उन्होंने कहा कि जनता के बीच राहुल गांधी के निरंतर संवाद और सत्ता से निर्भीक होकर सच कहने के साहस के माध्यम से आपने सदैव समाज के सबसे कमजोर और हाशिए पर खड़े लोगों के अधिकारों और हितों की सशक्त पैरवी की है। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "ईश्वर से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शक्ति और राष्ट्रसेवा के लिए दीर्घायु जीवन प्रदान करें।" कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "बहुत कम नेताओं ने इतने लंबे समय तक इतनी कटुता भरी आलोचना और इतने लंबे समय तक निरंतर सार्वजनिक जांच परख का सामना किया है। ऐसी परिस्थितियों में अधिकतर लोग सार्वजनिक जीवन से पीछे हट जाते। लेकिन उन्हें कमज़ोर करने का हर प्रयास मानो उनके संकल्प को और दृढ़ करता गया, उनकी राजनीति को और परिपक्व बनाता गया, और जनता से उनके संबंध को और गहरा करता गया।" 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। युवा, महिलाओं और वंचित वर्गों के धुर समर्थक राहुल आज पूरे भारत में उन लोगों की सशक्त आवाज़ बन चुके हैं, जिनकी आवाज़ अक्सर अनसुनी रह जाती है। " 

उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक सिद्धांतों की रक्षा के प्रति राहुल गांधी की अटूट प्रतिबद्धता लाखों लोगों को निरंतर प्रेरित करती है। गहलोत ने कहा, ''मैं उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं राष्ट्रसेवा के लिए अटूट संकल्प और ऊर्जा की कामना करता हूं।

ये भी पढ़ें  : 
राहुल गांधी के एक हाथ में फरसा, दूसरे में संविधान...यूथ कांग्रेस ने गंगा घाट पर अनोखे अंदाज में मनाया जन्मदिन 
G7 Summit : पीएम मोदी का एआई सुरक्षा के लिए 'सेफ-बाय-डिजाइन' का मंत्र, जी-7 में रखा भारत का 'मानव' विजन

 

संबंधित समाचार