Bareilly News : महादेवपुरम योजना के लिए किसानों को मिला चार गुना मुआवजा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बीडीए उपाध्यक्ष ने वितरित किए 5.72 करोड़ रुपये से अधिक के चेक

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की महादेवपुरम आवासीय योजना को गति देने के लिए गुरुवार को किसानों को सर्किल रेट के चार गुना अधिक मुआवजे के चेक वितरित किए गए। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने किसानों को चेक सौंपते हुए कहा कि योजना से विकास को पंख लेगेंगे। किसानों की सहमति से भूमि अधिग्रहण किया जा रहा है।

योजना के लिए ग्राम आसपुर खूबचंद्र, अहिलादपुर और कुम्हरा के किसानों की भूमि खरीदी गई है। गुरुवार को अशोक कुमार सक्सेना को 1.01 करोड़ रुपये, नत्थू लाल को 21.60 लाख रुपये, हरीश कुमार को 1.85 करोड़ रुपये और महेंद्र पाल सिंह को 2.63 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया। कुल मिलाकर 5.72 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि किसानों को वितरित की गई। बीडीए अधिकारियों के अनुसार महादेवपुरम आवासीय योजना दिल्ली-लखनऊ बड़े बाइपास और बरेली-पीलीभीत हाईवे से सटी हुई है। यह ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के पूर्वी हिस्से में विकसित की जा रही है और प्राधिकरण की सबसे बड़ी योजनाओं में शामिल है। योजना में 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी जोनल सड़कें विकसित की जाएंगी। वहीं, आंतरिक सड़कों की चौड़ाई 18 मीटर तक रखी गई है। सभी बिजली लाइनें भूमिगत होंगी और 132 केवी विद्युत उपकेंद्र भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा एम्यूजमेंट पार्क, कम्युनिटी सेंटर, सेंट्रल पार्क और अन्य पार्क विकसित किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि योजना में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के साथ होटल, अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान, साइबर सिटी और मल्टीप्लेक्स के लिए भी स्थान निर्धारित किया गया है।

संबंधित समाचार