संतकबीर नगर में थप्पड़ मारने की रंजिश में युवक की तलवार से गला काटकर हत्या, बीच बाजार में हुई वारदात से तनाव-हंगामा
संतकबीर नगर, अमृत विचार। जिले के बखिरा थाना क्षेत्र में एक युवक की बीच बाजार में तलवार से गला काटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, पांच दिन पहले एक शादी समारोह में आरोपी द्वारा मृतक की भांजी से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने और थप्पड़ मारने की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की गुमटी और घर में आग लगा दी।
घर लौटते समय घेरकर किया हमला
कोलकी चमरसन गांव निवासी आनंद (30) टाइल्स लगाने का काम करता था। गुरुवार देर रात वह बभनी चौराहे से सामान खरीदकर घर लौट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के चचेरे भाई रोहित के मुताबिक, इसी दौरान पास के गांव का रहने वाला नासिर अली (18) अपने चार-पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा। एक साथी ने नासिर को तलवार दी, जिसके बाद उसने आनंद की गर्दन पर वार कर दिया। हमला इतना घातक था कि आनंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
.jpg)
छेड़छाड़ के विरोध से शुरू हुई रंजिश
परिजनों के अनुसार, पांच दिन पहले एक शादी समारोह में नासिर अली, आनंद की भांजी से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर आनंद ने विरोध करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया था। तभी से आरोपी रंजिश रखे हुए था। पुलिस की शुरुआती जांच में भी इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
.jpg)
गुस्साए ग्रामीणों ने लगाई आग
वारदात के बाद आरोपी और उसके साथी फरार हो गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बभनी चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और मुख्य आरोपी नासिर अली की गुमटी व घर में आग लगा दी। हालात को काबू में करने के लिए तीन थानों की पुलिस, एसपी संदीप कुमार मीना और सीओ मौके पर पहुंचे। देर रात एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी और डीएम आलोक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
.jpg)
महिलाओं ने किया प्रदर्शन
शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं लाठियां लेकर सड़क पर उतर आईं और आरोपी के एनकाउंटर की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। मृतक की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की।
शव ले जा रही एंबुलेंस हुई खराब
हंगामे के बीच जब पुलिस आनंद के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जा रही थी, तब रास्ते में एंबुलेंस खराब हो गई। काफी प्रयास के बाद भी वाहन चालू नहीं हुआ तो पुलिसकर्मियों को धक्का लगाना पड़ा। इस दौरान कुछ महिलाओं ने एंबुलेंस रोकने का प्रयास भी किया। करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस दोबारा चालू हुई।
.jpg)
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
आनंद की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी अनन्या तीन साल की और छोटी बेटी आराध्या छह माह की है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और हाल ही में चेन्नई से घर लौटा था। कुछ दिनों बाद दोबारा काम पर लौटने की तैयारी कर रहा था।
आरोपियों की तलाश में कई टीमें
एडीजी अशोक मुथा जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शादी समारोह में हुए विवाद का मामला सामने आया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें:-
