Budaun News : गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी डबल डेकर बस, 21 घायल, कई की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बदायूं, अमृत विचार। बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां वाराणसी से दिल्ली (नोएडा) जा रही एक डबल डेकर बस नौली हरनाथपुर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 21 यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 5:15 बजे जब हादसा हुआ, तब बस में सवार सभी यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक बस पलटने से अंदर चीख-पुकार मच गई। बदहवास यात्रियों ने किसी तरह शीशे तोड़कर खुद को बाहर निकाला। एक्सप्रेसवे पर घायल अवस्था में यात्री तड़पते नजर आए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को वजीरगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी पर एक साथ इतनी बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से स्वास्थ्य कर्मियों के हाथ-पैर फूल गए। डॉक्टरों ने तुरंत सभी का प्राथमिक उपचार शुरू किया। जिन यात्रियों की हालत ज्यादा गंभीर थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा करवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारु हो सका।

यात्रियों का आरोप- नशे में था ड्राइवर
घायल यात्रियों ने बातचीत में एक बड़ा खुलासा किया है। उनका आरोप है कि बस का ड्राइवर नशे की हालत में था और बस को ओवर स्पीड में दौड़ा रहा था। यात्रियों ने यह भी बताया कि बनारस से लेकर बदायूं तक लगातार एक ही ड्राइवर गाड़ी चला रहा था, जबकि इतने लंबे रूट पर सुरक्षा के लिहाज से दो ड्राइवर होने चाहिए। चालक को नींद की झपकी आने की वजह से ही यह हादसा हुआ।

हादसे में एक यात्री ने गंवाया पैर
इस भीषण दुर्घटना में प्रयागराज निवासी 32 वर्षीय अली अहमद (पुत्र उस्मान अली) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका सीधा पैर कट कर अलग हो गया है। वह प्रयागराज से दिल्ली अपने घर लौट रहे थे। हालत नाजुक होने पर उन्हें एंबुलेंस के जरिए बरेली के अस्पताल भेजा गया है।

संबंधित समाचार