जेवर एयरपोर्ट से आज शुरू हुई उड़ानें, लखनऊ से पहुंचेगा पहला जहाज

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

इंडिगो चरणबद्ध तरीके से 16 से अधिक शहरों से जोड़ेगी एयरपोर्ट

लखनऊ/नोएडा,अमृत विचार। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से सोमवार 15 जून को वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत हो गई है। उद्घाटन अवसर पर इंडिगो एयरलाइंस पहली एयरलाइन के रूप में अपनी उड़ानों का संचालन करेगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इंडिगो का विमान चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से सुबह सात बजकर 12 मिनट पर रवाना हुआ था और सुबह सात बजकर 58 मिनट पर जेवर स्थित हवाई अड्डे पर उतरा।

वॉटर कैनन सैल्यूट

सोमवार सुबह 7:55 बजे लखनऊ से पहुंची जहां उसे पारंपरिक वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरकर आई इंडिगो की फ्लाइट 6ई-2278 तय समय पर 7:55 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी। विमान के रनवे पर पहुंचते ही उसे पारंपरिक वॉटर कैनन सैल्यूट दिया गया। विमान के अंदर बैठे यात्रियों ने तालियां बजाकर इस ऐतिहासिक लैंडिंग का जश्न मनाया। 

एयरपोर्ट से पहली उद्घाटन उड़ान लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु सेक्टर पर संचालित की गई। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू की मौजूदगी में लखनऊ से आई इंडिगो की पहली विशेष उड़ान 6ई2278 का पारंपरिक वाटर कैनन सैल्यूट के साथ रनवे पर स्वागत किया गया। वहीं, लखनऊ जाने वाली विशेष उड़ान 6ई5212 को नायडू और अन्य गणमान्य अतिथियों ने झंडी दिखाकर रवाना किया। 

बेंगलुरु के लिए विशेष उड़ान 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-2278 सुबह 7:05 बजे लखनऊ से उड़ान भरकर 8:05 बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची। इसके बाद यही विमान सुबह 8:35 बजे नोएडा से बेंगलुरु के लिए रवाना होगा और 11:05 बजे वहां पहुंचेगा। नायडू ने इससे पहले जेवर के उन किसानों से भी बात की जो विशेष उड़ान से लखनऊ गये हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विमानन क्षेत्र के विकास पर और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली-एनसीआर का दूसरा बड़ा हवाई अड्डा बन गया है। 

वापसी में उड़ान संख्या 6E-2279 दोपहर 3:45 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर शाम 6:20 बजे नोएडा पहुंचेगी। इसके बाद शाम 6:55 बजे नोएडा से लखनऊ के लिए रवाना होकर रात 8 बजे राजधानी पहुंचेगी। इंडिगो ने घोषणा की है कि वह चरणबद्ध तरीके से इस एयरपोर्ट को देश के 16 से अधिक प्रमुख शहरों से जोड़ेगी।

इंडिगो की 8 उड़ानों की योजना

इंडिगो की आज यहां से आठ उड़ानों की योजना है जिनमें चार आगमन और चार प्रस्थान की उड़ानें शामिल हैं। मंगलवार से अकासा भी यहां से उड़ानों का परिचालन शुरू कर रही है। इंडिगो यहां से 16 से अधिक शहरों को सीधे जोड़ेगी। इस हवाई अड्डे का निर्माण ज्युरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) ने किया है। 

प्रधानमंत्री मोदी ने 28 मार्च को हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। अभी हवाई अड्डे के विकास का पहला चरण ही पूरा हुआ है। इसमें एक रनवे और एक टर्मिनल भवन के साथ परिचालन शुरू किया जा रहा है जिसकी सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की है। कुल चार चरणों में इसका विकास किया जाना है। 

इंडिगो के बाद अकासा एयर की उड़ानें होगी शुरू 

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो के बाद अब अकासा एयर भी उड़ानें शुरू करने जा रही है। कंपनी मंगलवार, 16 जून से नोएडा से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए दैनिक सेवा शुरू करेगी। इसके साथ ही अकासा एयर इस एयरपोर्ट से संचालन करने वाली दूसरी एयरलाइन बन जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, एयरपोर्ट के पहले चरण में घरेलू उड़ानों को प्राथमिकता दी गई है। ट्रायल रन और नियामकीय मंजूरी पूरी होने के बाद अब शेड्यूल्ड ऑपरेशन शुरू हो गए हैं। मांग बढ़ने के साथ क्षमता और रूटों का विस्तार किया जाएगा। 

दिल्ली एयरपोर्ट पर दबाव होगा कम 

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शुरुआत से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बढ़ते यात्री दबाव में कमी आने की उम्मीद है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर के यात्रियों को अब जेवर तक सड़क यात्रा करके सीधी उड़ान मिल सकेगी। लखनऊ जैसे शहरों से आने वाले यात्रियों के लिए यह नया एयरपोर्ट दिल्ली पहुंचने का वैकल्पिक रास्ता भी देगा। एयरपोर्ट अधिकारियों ने कहा कि अगले कुछ हफ्तों में और एयरलाइनों और नए गंतव्यों को जोड़ा जाएगा। क्रू की ट्रेनिंग और स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाएगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों की शुरुआत को यूपी और एनसीआर की हवाई कनेक्टिविटी के लिहाज से बड़ा कदम माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें  : 
Barabanki : तेज आंधी के कारण पेड़ टूटने से गिरा बिजली का पोल, महिला की दर्दनाक मौत 

संबंधित समाचार