Ram Mandir Donation Scam: राम मंदिर चढ़ावा मामले पर डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का भी मांगा जाए हिसाब

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बाराबंकी, अमृत विचारः उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत बाराबंकी प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का हिसाब भी मांगा जाना चाहिए।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष श्रीराम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सवाल उठा रहा है, लेकिन समाजवादी पार्टी को यह भी बताना चाहिए कि बाबरी मस्जिद के नाम पर जुटाई गई धनराशि का क्या हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकारों ने विपक्ष को जनाधार विहीन कर दिया है, जिसके चलते उसके पास जनता के बीच जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश में आमजन का जीवन स्तर लगातार बेहतर हुआ है और विकास की गति तेज हुई है। इससे परेशान विपक्ष बौखलाहट में सनातन आस्था से जुड़े विषयों पर आधारहीन बयानबाजी कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष एक विशेष वोट बैंक को खुश करने के लिए झूठ को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके प्रति हर वर्ग की अटूट श्रद्धा है। ऐसी आस्था पर चोट करने वालों को जनता पहचान चुकी है। गांव-गांव तक लोग विपक्ष के हथकंडों को समझ चुके हैं और अब उन्हें स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांवों की समस्याओं को करीब से देखा और सत्ता में आने के बाद सबसे पहले ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने का काम किया। यही कारण है कि आज जनता विकास और सुशासन की राजनीति के साथ खड़ी है।

संबंधित समाचार