Pilibhit News : चूका स्पॉट पर बोटिंग के दौरान सैलानियों की तरफ घुर्रा कर दौड़ा बाघ...मची अफरा-तफरी
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पीलीभीत, अमृत विचार। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के पर्यटन स्थल चूका बीच पर उस समय भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब बोटिंग का आनंद ले रहे सैलानियों का सामना एक बाघ से हो गया। जलाशय के किनारे मौजूद बाघ अचानक तेज आवाज में घुर्राते हुए सैलानियों की बोट की तरफ दौड़ पड़ा। बाघ को अपनी ओर आता देख बोट पर सवार पर्यटकों की सांसें अटक गईं और चीख-पुकार मच गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रविवार के चलते बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचे थे। बताते है कि कुछ सैलानी चूका स्पॉट पर बोटिंग का लुत्फ उठा रहे थे, तभी उन्होंने जलाशय के किनारे एक बाघ को देखा। लोग बाघ का दीदार कर ही रहे थे कि अचानक बाघ ने आक्रामक रुख अपना लिया। वह गुर्राते हुए सीधे बोट की दिशा में लपका, जिससे बोट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि बोट पानी में सुरक्षित दूरी पर थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इधर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग में खलबली मच गई। मामले की जानकारी फील्ड डायरेक्टर और डिप्टी डायरेक्टर समेत उच्चाधिकारियों को दी गई। वन विभाग ने एहतियात के तौर पर चूका क्षेत्र और जलाशय के आसपास के इलाकों में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है
