सावधान... सोच-समझकर दें किराए पर मकान, पूर्व DG की 22 करोड़ की प्रॉपर्टी पर कब्जा, जानें कानूनी दावं-पेंच 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर का मामला... त्वचा क्लीनिक 'काशा डर्मा' की आड़ में खाली नहीं हो रहा भवन; अब कोर्ट की चौखट पर पूर्व टॉप कॉप।

लखनऊ: क्या आप भी अपना घर, दुकान या कोई व्यावसायिक परिसर किराए पर देने की सोच रहे हैं? अगर हाँ, तो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से आई यह खबर आपकी आंखें खोलने के लिए काफी है। आज के दौर में बिना पूरी कानूनी जानकारी के किसी को अपनी प्रॉपर्टी सौंपना कितना बड़ा आत्मघाती कदम हो सकता है, इसका अंदाजा आप इस बात से लगाइए कि सूबे के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) हरिशचंद्र सिंह जैसा 'दबंग' अफसर भी आज अपने ही बंगले को खाली कराने के लिए दर-दर भटक रहा है।

जब पुलिस महकमे के सबसे बड़े पद पर रहे अधिकारी का रूतबा अपनों के ही सामने बेअसर साबित हो जाए, तो आम जनता की चिंता बढ़ना लाजिमी है। आइए, लखनऊ के इस हाई-प्रोफाइल केस के जरिए समझते हैं कि पूरा मामला क्या है और कानून की दुनिया के दिग्गज वकीलों सिविल बार एसोसिएशन के महामंत्री एडवोकेट गौरी शंकर चतुर्वेदी और हाईकोर्ट के एडवोकेट विपिन कुमार पाल  की इस पर क्या राय है।

पहले जानें आखिर क्या था मामला

मामला लखनऊ के सबसे वीवीआईपी और पॉश इलाके गोमतीनगर का है। कैप्टन मनोज पांडेय चौराहा और दयाल चौराहा के बीच स्थित करीब 5200 वर्ग फीट में फैला यह आलीशान भवन पूर्व आईपीएस हरिशचंद्र सिंह के नाम पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा आवंटित है। बाजार में इस प्रॉपर्टी की अनुमानित कीमत करीब 20 से 22 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में वकालत कर रहे पूर्व डीजी का परिवार दिल्ली में रहते हैं, जिसके चलते लखनऊ का यह बंगला खाली था। इसी का फायदा उठाकर विवाद की पटकथा लिखी गई।

MUSKAN DIXIT (3)

'लीव एंड लाइसेंस' का मामला

पूर्व डीजीपी ने सहारनपुर के रसूखदार मनोज सिंह चौहान की बहू ऐश्वर्या पुंडीर को एक निश्चित अवधि के लिए 'लीव एंड लाइसेंस' (Leave & License Agreement) के तहत यह भवन व्यावसायिक उपयोग के लिए दिया था। ऐश्वर्या पुंडीर यहां 'काशा डर्मा' (Kasha Derma) नाम से एक हाई-एंड स्किन केयर और त्वचा चिकित्सा क्लीनिक संचालित कर रही हैं।

कानूनी तौर पर एग्रीमेंट (लाइसेंस) की मियाद पूरी होने के बाद जब पूर्व आईपीएस ने मनोज सिंह चौहान से भवन खाली करने को कहा, तो उन्होंने किराएदार के तेवर बदल गए। एग्रीमेंट खत्म होने के बावजूद परिसर को खाली करने से साफ इनकार कर दिया गया। विवाद बढ़ने पर कई दौर की पंचायतें भी हुईं, लेकिन नतीजा कुछ भी नहीं निकला।

MUSKAN DIXIT

नहीं मिल पाई कानूनी मदद

इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि पूर्व DG ने इस अवैध कब्जे की शिकायत अपने ही महकमे के मौजूदा आलाधिकारियों और कप्तानों से की। उम्मीद थी कि एक पूर्व डीजी की शिकायत पर पुलिस तुरंत एक्शन लेगी, लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस बैकफुट पर रही और पूर्व महानिदेशक को अपने ही विभाग से कोई राहत नहीं मिली। इसी के चलते मामला अब सिविल कोर्ट की दहलीज पर पहुंच चुका है।

MUSKAN DIXIT (1)

क्यों उलझा मामला?

हाई कोर्ट लखनऊ के एडवोकेट विपिन कुमार पाल के अनुसार, यह मामला 'अनधिकृत कब्जे' (Unauthorized Occupation) का है। भले ही 'लीव एंड लाइसेंस' एग्रीमेंट मकान मालिक के पक्ष में मजबूत होता है, लेकिन कानूनन कोई भी मकान मालिक खुद बलपूर्वक किसी का कब्जा नहीं हटा सकता।

एग्रीमेंट खत्म होने के बाद भी जब तक कोर्ट बेदखली (Eviction Order) का आदेश नहीं देता, तब तक पुलिस इसमें सीधे दखल नहीं दे सकती। एडवोकेट विपिन कुमार पाल ने बताया कि कोर्ट में केस चलने के दौरान भले ही क्लीनिक संचालित होता रहे, लेकिन यदि पूर्व डीजीपी के पक्ष में फैसला आता है, तो विपक्षी को एग्रीमेंट खत्म होने की तारीख से लेकर अब तक का भारी-भरकम हर्जाना (Mesne Profits) बाजार दर के अनुसार चुकाना पड़ेगा।

प्रॉपर्टी विवाद और पुलिस की सीमाएं: 8 सबसे बड़े तकनीकी सवालों के जवाब

इन तमाम तकनीकी सवालों पर अमृत विचार ने एडवोकेट गौरी शंकर चतुर्वेदी, महामंत्री, सिविल बार एसोसिएशन गोंडा और हाई कोर्ट लखनऊ के एडवोकेट विपिन कुमार पाल से बातचीत की। वकीलों ने इस विवाद के हर पहलू को बिंदुवार बेहद आसान शब्दों में समझाया है। 

1. Rent Agreement और Leave & License Agreement में क्या अंतर है?

Rent/Tenancy Agreement (किरायेदारी): इसमें किराएदार को संपत्ति पर कानूनी कब्जे (Possession) का अधिकार मिलता है। कई राज्यों के किराया कानून किराएदार को अतिरिक्त सुरक्षा देते हैं, जिससे मकान मालिक के लिए बेदखली अपेक्षाकृत कठिन हो सकती है।

Leave & License Agreement (लाइसेंस): इसमें केवल उपयोग (Use and Occupation) की अनुमति दी जाती है, कब्जे का स्वामित्व नहीं। लाइसेंसी का अधिकार सीमित और अवधि-आधारित होता है।

विशेषज्ञों की राय: सिद्धांततः मकान मालिक के लिए Leave & License अधिक सुरक्षित माना जाता है, बशर्ते दस्तावेज़ वास्तव में लाइसेंस हो, छिपी हुई किरायेदारी नहीं। हालांकि, न्यायालय हमेशा वास्तविक परिस्थितियों और शर्तों को देखता है, केवल दस्तावेज़ के नाम को नहीं।

MUSKAN DIXIT (6)

2. अवधि समाप्त होने के बाद कब्जा रखना क्या अवैध कब्जा है?

एग्रीमेंट समाप्त होने के बाद यदि लाइसेंसी या किराएदार संपत्ति खाली नहीं करता, तो उसका कब्जा "अनधिकृत" (Unauthorized Occupation) माना जा सकता है।

हालांकि, सामान्य कानून में कोई सार्वभौमिक "Grace Period" (अतिरिक्त समय) नहीं है जो किराएदार को स्वतः मिल जाए।

कानूनी स्थिति: एग्रीमेंट खत्म होते ही कब्जा तुरंत आपराधिक श्रेणी में नहीं आता। मकान मालिक को वैधानिक प्रक्रिया ही अपनानी पड़ती है। जब तक न्यायालय बेदखली का आदेश न दे, तब तक यह विवाद सिविल (दीवानी) प्रकृति का ही रहता है।

3. पुलिस की सीमाएं क्या हैं? क्या पुलिस बिना कोर्ट ऑर्डर बेदखल कर सकती है?

सामान्यतः नहीं। यही कारण है कि इस मामले में एक पूर्व डीजीपी स्तर के प्रभावशाली व्यक्ति को भी सीधे पुलिस सहायता नहीं मिल सकी। पुलिस केवल मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रख सकती है। झगड़ा, मारपीट या जबरन अतिक्रमण के दौरान शांति व्यवस्था संभालना पुलिस का काम है।

पुलिस की सीमा: पुलिस केवल मकान मालिक के कहने पर किसी व्यक्ति को संपत्ति से बाहर नहीं निकाल सकती। स्वामित्व (Ownership) या कब्जे के विवाद का निर्णय करने का अधिकार पुलिस को नहीं है। बेदखली के लिए न्यायालय का आदेश (Court Order) अनिवार्य है।

MUSKAN DIXIT (4)

4. एग्रीमेंट समाप्त होने पर पहले पुलिस के पास जाएं या कोर्ट?

यदि किराएदार/लाइसेंसी समय पूरा होने पर जगह खाली नहीं करता, तो सबसे पहले उसे एक कानूनी नोटिस (Legal Notice) भेजा जाता है, जिसमें कब्जा वापस मांगा जाता है। नोटिस के बाद भी बात न बनने पर सीधे सिविल कोर्ट में वाद (Case) दायर किया जाता है।

पुलिस की भूमिका: पुलिस के पास तभी जाना उपयोगी होता है जब मौके पर शांति भंग होने का खतरा हो, या किराएदार की तरफ से धोखाधड़ी, जालसाजी या अन्य कोई आपराधिक तत्व मौजूद हो। सिर्फ कब्जा खाली कराने का उचित मंच सिविल कोर्ट ही है।

5. मकान मालिक को कौन-सा मुकदमा दायर करना पड़ता है और इसमें कितना समय लगता है?

परिस्थिति और एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार मकान मालिक को निम्नलिखित मुकदमे दायर करने होते हैं।

1- Eviction Suit (बेदखली वाद)
2- Suit for Possession (कब्जा प्राप्ति वाद)
3- Recovery of Mesne Profits (हर्जाना वसूली का दावा)
4- Mandatory Injunction (विशेष परिस्थितियों में)

समय सीमा: इसकी कोई निश्चित समय सीमा नहीं है। यह मुकदमे की प्रकृति, अदालत के कार्यभार, साक्ष्यों और अपीलों के दौर पर निर्भर करता है। व्यावहारिक रूप से इसमें कई महीने से लेकर कई वर्ष तक का समय लग सकता है।

6. मुकदमेबाजी के दौरान क्या विवादित परिसर में क्लीनिक चलता रह सकता है?

अक्सर हां... जब तक न्यायालय परिसर को सील करने का कोई अंतरिम आदेश या रोक (Injunction) न लगा दे, तब तक विपक्षी वहां अपना काम जारी रख सकता है।

मकान मालिक का विकल्प: हालांकि, मुकदमा लंबित रहने के दौरान मकान मालिक अदालत से यह मांग कर सकता है कि परिसर का उपयोग सीमित किया जाए, प्रतिपक्ष से कोर्ट में नियमित किराया/उपयोग शुल्क जमा कराया जाए, या कोई अन्य अंतरिम आदेश पारित किया जाए। अंतिम निर्णय अदालत के विवेक पर होता है।

7. क्या कब्जा न छोड़ने पर किराएदार से Mesne Profits (हर्जाना) मिल सकता है?

सामान्यतः हां... यदि न्यायालय साक्ष्यों के आधार पर यह पाता है कि एग्रीमेंट समाप्त हो चुका था और उसके बाद भी कब्जा अवैध तरीके से बरकरार रखा गया, तो मकान मालिक हर्जाने का हकदार होता है।

इसके तहत मकान मालिक बाजार दर के अनुसार उपयोग शुल्क, बढ़ा हुआ किराया, Mesne Profits (हर्जाना) और उस पर ब्याज की मांग कर सकता है। अंतिम राशि का निर्धारण न्यायालय उस इलाके के बाजार किराए और स्थान के मूल्यांकन के बाद करता है।

8. क्या कमर्शियल भवन और रिहायशी भवन के नियम अलग होते हैं?

हाँ, कई राज्यों में इसके अलग प्रावधान हैं। व्यावसायिक (Commercial) परिसरों जैसे क्लीनिक, शोरूम या ऑफिस के संबंध में किराया कानूनों के प्रावधान रिहायशी मकानों से भिन्न हो सकते हैं। इनमें किराया निर्धारण, बेदखली की शर्तें और उपयोग के नियम अलग होते हैं।

मूल सिद्धांत: कमर्शियल हो या रेजिडेंशियल, मूल सिद्धांत एक ही है—कोई भी मकान मालिक खुद बलपूर्वक या लाठी के दम पर कब्जा वापस नहीं ले सकता। उसे कानून द्वारा स्थापित प्रक्रिया और अदालत के डिक्री (आदेश) का पालन करना ही होगा।

दोनों पक्षों के कड़े तेवर

न्यायालय पर पूरा भरोसा है

"यह पूरा मामला अब अदालत के विचाराधीन है। मैं कानून का पालन करने वाला व्यक्ति हूँ और कोर्ट के सामने अपने सभी पुख्ता साक्ष्य रखूंगा। मुझे पूरा विश्वास है कि न्यायपालिका से मुझे मेरी संपत्ति वापस मिलेगी।"
— हरिश्चंद्र सिंह, पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP), उत्तर प्रदेश

लखनऊ आकर दिखाऊंगा कागजात

"मैं अभी सहारनपुर में हूँ। भवन के एग्रीमेंट और स्वामित्व से जुड़े कुछ जरूरी दस्तावेज मेरे पास सुरक्षित हैं। मैं जब लखनऊ आऊंगा, तभी उन कागजातों को मीडिया और संबंधित मंच के सामने पेश करूंगा।"
— मनोज सिंह चौहान, विपक्षी पक्ष, सहारनपुर

फिलहाल, लखनऊ की यह करोड़ों की कानूनी जंग यह साफ करती है कि प्रॉपर्टी के विवादों में कानून का शिकंजा किसी के रूतबे को नहीं देखता, चाहे सामने खुद पुलिस का पूर्व 'सुलतान' ही क्यों न खड़ा हो।

संबंधित समाचार