कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के आखिरी दिन सेंट्रल स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़, ट्रेनों के एसी कोचों तक पर कब्जा 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

डिब्बों में दर्जन-दर्जनभर पहुंचे परीक्षार्थियों ने यात्रियों को उठाकर खुद बैठे   स्लीपर कोचों में तीन यात्रियों की बर्थ पर 10-10 परीक्षार्थियों ने कब्जा किया

कानपुर, अमृत विचार। कांस्टेबिल भर्ती परीक्षा में परीक्षार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए रेलवे ने कई एग्जाम एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई और कई मेल एक्सप्रेस ट्रेनों को भी विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव दिया लेकिन उसके बाद भी अन्य ट्रेनों में परीक्षार्थियों के भीड़ में कोई कमी नहीं आई और कई ट्रेनों के स्लीपर से एसी कोचों तक में परीक्षार्थियों ने कब्जा कर लिया जिन्हें उतारने में जीआरपी और आरपीएफ को पसीने छूट गये। बुधवार को कांस्टेबिल भर्ती परीक्षा का अंतिम दिन था। ये परीक्षा तीन दिनों तक चली। अंतिम दिन शाम को परीक्षा छूटने के बाद भारी भीड़ कानपुर सेंट्रल स्टेशन, गोविंदपुरी, अनवरगंज स्टेशन पर पहुंची। 

जीआरपी-आरपीएफ के छूटे पसीने

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी प्रभारी ओम नारायण सिंह एवं आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एसएन पाटीदार की अगुवाई में पुलिस फोर्स व्यवस्था संभालने में जुटा रहा लेकिन उसके बाद भी कई ट्रेनों में परीक्षार्थियों की भीड़ ने रेलवे पुलिस को पसीने छुड़वा दिये।

Untitled design (23)

हालांकि उत्तर मध्य जोन के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन एवं कानपुर सेंट्रल स्टेशन के डायरेक्टर आकांशु गोविल की अगुवाई में कांस्टेबिल भर्ती परीक्षा में परीक्षार्थियों के लिए तीनों दिन रेलवे ने व्यवस्था की थी लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण एग्जाम एक्सप्रेस के अलावा सभी ट्रेनों में परीक्षार्थियों की भीड़ कोचों के ऊपर नीचे सीटों पर कब्जा किये रही। कानपूर सेंट्रल एवं अन्य प्रमुख स्टेशनों परीक्षार्थियों की सुविधा के दृष्टिगत प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर तथा प्रवेश/निकास द्वारों पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं।

Untitled design (24)

 

कानपुर सेंट्रल स्टेशन से झांसी, प्रयागराज, लखनऊ एवं अनवरगंज से कासगंज तक चलाई गई एग्जाम एक्सप्रेस को ज्यादातर रेलवे स्टेशनों पर ठहराव दिया गया ताकि परीक्षार्थियों को कोई दिक्कत नही हो। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के डायरेक्टर आकांशु गोविल द्वारा अभ्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई। स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, मार्गदर्शन, स्वच्छता तथा आवश्यक सहायता के लिए संबंधित विभागों को सतर्क किया गया। अभ्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे कर्मियों को विशेष निर्देश दिए गए।

झकरकटी बस अड्डा पर भारी भीड़ से बसें कम पड़ी

बुधवार को देर शाम हजारों की संख्या परीक्षार्थी कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचे तो वहां प्लेटफार्म पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ शहीद मेजर सलमान खान अंतर्राज्यीय झकरकटी बस अड्डा का रुख किया। देर शाम अचानक परीक्षार्थियों की भारी भीड़ बस अड्डा पहुंच गयी जिससे ज्यादातर बसें परीक्षार्थियों को लेकर गंतव्य स्थान के लिए रवाना हो गयीं लेकिन परीक्षार्थियों के आने का सिलसिला देर रात जारी रहा।

क्या बोले अधिकारी 

ट्रेनों में परीक्षार्थियों की भीड़ अधिक नहीं हो पाई क्योंकि  कांस्टेबिल भर्ती परीक्षा के परीक्षार्थियों के लिए चलायी गई एग्जाम एक्सप्रेस ने भीड़ को काफी नियंत्रित किया। तीनों दिन शांति पूर्वक परीक्षा संपन्न हो गयी, कहीं से किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।-अमित सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य जोन, प्रयागराज

ये भी पढ़ें  : 
संतकबीर नगर में मासूम की मौत : खेत में फैले करंट की चपेट में आया 10 वर्षीय बालक, 8 लोगों पर केस दर्ज

संबंधित समाचार