सपा का 'ब्राह्मण कार्ड': BJP के कोर वोटर में सेंध लगाने की तैयारी में अखिलेश, जनेश्वर मिश्र की जयंती पर UP में बड़ा सियासी दांव

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ब्राह्मणों के बीच पैठ बनाने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए 5 अगस्त को जनेश्वर मिश्र की जयंती पर लखनऊ में ब्राह्मण समाज का बड़ा जुटान किया जाएगा। इसमें जनेश्वर मिश्र से जुड़े और सपा के सभी छोटे-बड़े ब्राह्मण नेताओं को बुलाया जा रहा है। सपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और बलिया के सांसद सनातन पांडेय को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है।

लखनऊ के बाद मंडलों में सजेगी 'ब्राह्मण सभा'

सूत्रों की मानें तो इनकी अगुवाई में बुधवार को पार्टी कार्यालय में तैयारी बैठक होगी, जिसमें विधायक, पूर्व विधायक, सांसद और पूर्व सांसद शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक 5 अगस्त को गोमतीनगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें जनेश्वर मिश्र से जुड़े सभी लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। हालांकि सपा की रणनीति यहीं नहीं रुकेगी। लखनऊ के कार्यक्रम के बाद प्रदेशभर के मंडलों में ब्राह्मण सभाएं आयोजित की जाएंगी। 

2012 के फॉर्मूले को दोहराने की तैयारी

पार्टी का मानना है कि भाजपा सरकार से ब्राह्मण नाराज हैं, इसलिए उन्हें सपा के साथ जोड़ने का यही सही मौका है। अखिलेश यादव लगातार पीडीए को धार दे रहे हैं। इसके साथ ब्राह्मणों को जोड़कर सपा अपनी ताकत और मजबूत करना चाहती है। दरअसल वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भी सपा ने ब्राह्मणों को जोड़ने के लिए प्रबुद्ध सभा की बैठकें की थीं और इसका फायदा पार्टी को मिला था। अब उसी तर्ज पर जनेश्वर मिश्र की जयंती को बहाना बनाकर ब्राह्मण नेताओं की अगुवाई में बड़ा आयोजन कर इस समाज को संदेश दिया जाएगा। दबी जुबान में सपा नेता स्वीकार करते हैं कि खासकर ब्राह्मण समाज को न्यौता भेजा जाएगा। पार्टी का मकसद ब्राह्मण वोट बैंक में सेंध लगाकर विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण साधना है। 

संबंधित समाचार