Bareilly : सीएम योगी का बरेली दौरा 22 या 23 जून को संभावित
रामायण वाटिका का लोकार्पण कर सकते हैं मुख्यमंत्री
बरेली, अमृत विचार। मुरादाबाद में मुख्यमंत्री का दौरा 16 जून को प्रस्तावित है। इसके बाद वह बरेली आ सकते हैं। बीडीए और प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि मुरादाबाद के बाद 22 या 23 जून बरेली में मुख्यमंत्री का दौरा संभावित है, हालांकि अभी शासन की ओर से आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। प्रशासन, पुलिस और बीडीए समेत सभी सम्बंधित विभाग तैयारियों में जुटे नजर आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर शहर में कई स्थानों पर सड़क मरम्मत, सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। देर रात तक सड़कों को दुरुस्त करने और प्रमुख मार्गों को चमकाने का काम जारी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थलों की समीक्षा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री के हाथों विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कराया जा सकता है। इनमें सड़क, शहरी विकास, पर्यटन, विद्युत और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। बरेली विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी रामायण वाटिका भी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा हो सकती है, जिसका लोकार्पण काफी समय से आगे बढ़ रहा है।
रामगंगा नगर आवासीय योजना में करीब 46 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रामायण वाटिका लंबे समय से लोकार्पण का इंतजार कर रही है। यहां स्थापित 51 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की कांस्य प्रतिमा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। सूत्र यह भी बताते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रात्रि प्रवास की संभावना पर भी मंथन चल रहा है। यदि कार्यक्रम अंतिम रूप लेता है तो वह पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के आवास पर जा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में वह इस पारिवारिक समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे। बीडीए, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों को परियोजना रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। अफसरों का कहना है कि कार्यक्रम मुख्यमंत्री कार्यालय से मिलने के बाद जारी किया जाएगा। फिलहाल जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।
