Rampur News : पटवाई के रहटगंज गांव में कट्टे में बंद लाश मिलने से मचा हड़कंप
पटवाई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए पूछताछ शुरू की
पटवाई, अमृत विचार। थाना पटवाई क्षेत्र के अंतर्गत रहटगंज गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गौशाला के पास स्थित एक गंदे नाले में, पुलिया के नीचे एक अज्ञात बंद कट्टा मिला। कट्टे के अंदर शव होने की आशंका से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह जब ग्रामीण रोजाना की तरह अपने खेत-खलियान की तरफ जा रहे थे, तभी नाले में पड़े एक संदिग्ध बंद कट्टे पर उनकी नजर पड़ी। कट्टे से बाहर पैर दिखाई देने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत भांप लिया कि कट्टे के भीतर किसी इंसान का शव छिपाकर फेंका गया है। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू की
ग्रामीणों द्वारा तत्काल इस सनसनीखेज घटना की सूचना थाना पटवाई पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पटवाई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कट्टे को नाले से बाहर निकलवाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस शव की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। हत्या कर शव को नाले में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की गहराई से तफ्तीश में जुट गई है।
