Market Cap : सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से नौ का बाजार पूंजीकरण 2.15 लाख करोड़ रुपये बढ़ा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता में सुधार और घरेलू शेयर बाजार में तेजी के बीच सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से नौ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 2.15 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान भारती एयरटेल सबसे अधिक लाभ में रही।

समीक्षाधीन सप्ताह में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,274.95 अंक यानी 1.68 प्रतिशत चढ़ा। सप्ताह के दौरान भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 52,432.67 करोड़ रुपये बढ़कर 11,62,963.30 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का बाजार मूल्यांकन 51,675.23 करोड़ रुपये बढ़कर 5,56,726.30 करोड़ रुपये रहा।

इसी तरह बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 26,553.71 करोड़ रुपये बढ़कर 5,98,501.25 करोड़ रुपये, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 22,464.02 करोड़ रुपये बढ़कर 17,71,882.96 करोड़ रुपये हो गया। लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) का बाजार मूल्यांकन 21,929.12 करोड़ रुपये बढ़कर 5,79,126.95 करोड़ रुपये और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार पूंजीकरण 16,753.57 करोड़ रुपये बढ़कर 9,55,415.07 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।  एचडीएफसी बैंक की बाजार हैसियत 11,948.72 करोड़ रुपये बढ़कर 12,01,263.14 करोड़ रुपये हो गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 6,661.10 करोड़ रुपये बढ़कर 5,15,946.75 करोड़ रुपये रहा।

आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 4,724.22 करोड़ रुपये बढ़कर 9,66,021.99 करोड़ रुपये हो गया। इस रुख के उलट टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण 12,699.49 करोड़ रुपये घटकर 7,69,350.13 करोड़ रुपये रह गया। 

यह शीर्ष 10 कंपनियों में एकमात्र नुकसान उठाने वाली कंपनी रही। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। इसके बाद क्रमशः एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय जीवन बीमा निगम और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा। 

संबंधित समाचार