Stock Market Today : शुरुआती कारोबार में इन सेक्टर्स ने पकड़ी रफ्तार, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल
मुंबई। अमेरिका-ईरान शांति समझौते से उत्साहित निवेशकों की इस सप्ताह की शुरुआत से जारी लिवाली के दम पर घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 271.61 अंक की बढ़त में 77,080.09 अंक पर खुला। बीच में कुछ देर के लिए यह थोड़ी गिरावट में जरूर गया, लेकिन फिर वापसी करने में कामयाब रहा। 245.92 अंक (0.32 प्रतिशत) ऊपर 77,054.40 अंक पर रहा। अमेरिका और ईरान के बीच 19 जून को शांति समझौते पर हस्ताक्षर होने हैं।
समझौते की शर्तें अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन बताया जा रहा है कि इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना भी शामिल है। इससे निवेशकों में उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही रुपये में जारी तेजी से भी शेयर बाजार में निवेश धारणा मजबूत हुई है। अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में भारतीय मुद्रा 22 पैसे की बढ़त में 94.38 रुपये प्रति डॉलर पर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 74.80 अंक चढ़कर 24,044.50 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 68.15 अंक यानी 0.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,057.30 अंक पर था। आईटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, एफएमसीजी, फार्मा और स्वास्थ्य सेक्टरों में तेजी रही। धातु और रियल्टी सेक्टर गिरावट में रहे।
सेंसेक्स की कंपनियों में इटरनल और ट्रेंट के शेयर तीन प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुए। टेक महिंद्रा, इंफोसिस और सनफार्मा के शेयर भी फिलहाल एक से दो प्रतिशत तक मजबूत हैं। टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बीईएल, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी ऊपर चल रहे हैं। एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, अडानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और एलएंडटी में अभी निवेशक बिकवाल हैं।
