भीषण गर्मी के बीच टीम इंडिया की परीक्षा: SP संभालेगें स्कोरिंग, लखनऊ में वैभव विवाद पर क्या बोले बोलिंग कोच

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

भारत और अफगानिस्तान के बीच इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला वनडे मुकाबला सिर्फ दोनों टीमों के कौशल की नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस और सहनशक्ति की भी कड़ी परीक्षा लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि मैच के दौरान भी पारा 36 से 38 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना एक प्रतिशत से भी कम है।

ऐसे में खिलाड़ियों को चिलचिलाती धूप और उमस भरे मौसम में पूरे 100 ओवर का मुकाबला खेलना होगा। तेज गेंदबाजों के लिए परिस्थितियां सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण रहेंगी। लंबे स्पैल डालना मुश्किल होने के कारण कप्तान अपने प्रमुख गेंदबाजों का उपयोग छोटे-छोटे स्पैल में कर सकते हैं। हालांकि, सूखी परिस्थितियों के चलते गेंद जल्दी घिस सकती है, जिससे रिवर्स स्विंग मिलने की संभावना भी बढ़ जाएगी।

इकाना की धीमी और अपेक्षाकृत कम उछाल वाली पिच स्पिनरों के लिए मददगार साबित हो सकती है। बल्लेबाजों के लिए पहली पारी में तेज धूप के बीच रन बनाना आसान नहीं होगा, जबकि शाम के समय तापमान में हल्की गिरावट दूसरी पारी में बल्लेबाजी को कुछ राहत दे सकती है। आंकड़ों पर नजर डालें तो इकाना स्टेडियम में बड़े स्कोर कम ही देखने को मिले हैं। यहां 260 से 280 रन का स्कोर भी अक्सर मैच जिताने वाला साबित होता है।

ऐसे में खिलाड़ियों को फील्डिंग के दौरान अपनी ऊर्जा का संतुलित उपयोग करना होगा और बल्लेबाजों को विकेट पर टिककर लंबी पारी खेलने की रणनीति अपनानी पड़ेगी। कुल मिलाकर भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाला यह मुकाबला केवल क्रिकेट कौशल का नहीं, बल्कि भीषण गर्मी के बीच धैर्य, फिटनेस और सही रणनीति का भी इम्तिहान होगा।

लखनऊ के एसपी सिंह और विकास पाण्डेय संभालेंगे स्कोरिंग की जिम्मेदारी

लखनऊ, अमृत विचार: भारत और अफगानिस्तान के बीच बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले एकदिवसीय मुकाबले के लिए आधिकारिक स्कोरर्स की सूची जारी कर दी गई है। इस अंतरराष्ट्रीय मैच में स्कोरिंग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश के अनुभवी और कुशल स्कोरर्स को सौंपी गई है। लखनऊ के वरिष्ठ स्कोरर एसपी सिंह और विकास पाण्डेय को मैच का आधिकारिक स्कोरर नियुक्त किया गया है।

इनके अलावा कानपुर के रामजी तिवारी और एपी सिंह के साथ प्रयागराज के अखिलेश त्रिपाठी को भी इस महत्वपूर्ण मुकाबले में स्कोरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस मुकाबले में स्कोरर्स की भूमिका बेहद अहम होती है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन, मैच के आंकड़ों और रिकॉर्ड्स को सटीक रूप से दर्ज करने की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर होती है। उत्तर प्रदेश के इन स्कोरर्स को मिली यह जिम्मेदारी प्रदेश के क्रिकेट प्रशासन और स्कोरिंग व्यवस्था के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।

वैभव में है आगे बढ़ने की क्षमता, टीम को रोहित से मिल रही दिशा

भारतीय क्रिकेट टीम के बॉलिंग कोच साईं राज बहुतुले ने कहा कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ श्रीलंका दौरे पर हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन वह इससे सीख लेकर और अधिक मजबूत खिलाड़ी बनकर उभरेंगे। बुधवार को दूसरे वनडे मुकाबले से पहले आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि वैभव शांत स्वभाव के खिलाड़ी हैं और टीम प्रबंधन व कोचिंग स्टाफ उन्हें लगातार सही मार्गदर्शन दे रहा है। 

Untitled design (4)

श्रीलंका दौरे की घटना से मजबूत होकर उभरेंगे वैभव

साईं राज ने कहा कि खेल में प्रतिस्पर्धा जरूरी है, लेकिन विपक्षी खिलाड़ियों को भी खेल भावना का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि वैभव इस अनुभव से सीखते हुए अपने खेल को और निखारेंगे।

Untitled design (5)

टीम संयोजन पर पिच देखने के बाद होगा फैसला

टीम संयोजन के सवाल पर उन्होंने कहा कि धर्मशाला और लखनऊ की परिस्थितियों में काफी अंतर है। ऐसे में अंतिम एकादश और गेंदबाजी आक्रमण का फैसला पिच का निरीक्षण करने के बाद ही किया जाएगा। कुलदीप यादव की वापसी की संभावना पर उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन सभी विकल्पों पर विचार कर रहा है। रोहित शर्मा की भूमिका पर बोलते हुए साईं राज ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का चैंपियन खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि रोहित न केवल अपने प्रदर्शन बल्कि अपनी नेतृत्व क्षमता से भी टीम को दिशा देते हैं। युवा कप्तान शुभमन गिल समेत कई युवा खिलाड़ी उनके अनुभव से लाभान्वित हो रहे हैं और उनसे काफी कुछ सीख रहे हैं।

मौसम में बदलाव के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पेशेवर क्रिकेटरों के लिए अलग-अलग परिस्थितियों में खेलना सामान्य बात है। धर्मशाला की ठंड और लखनऊ की गर्मी के बावजूद खिलाड़ियों का पूरा ध्यान अपने प्रदर्शन पर केंद्रित है। स्पिन विभाग पर चर्चा करते हुए साईं राज ने कहा कि रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की विरासत को आगे बढ़ाना आसान नहीं है।

हालांकि मानव सुथार, सारांश जैन और शिवांग जैसे युवा स्पिनरों के लिए यह अपनी प्रतिभा साबित करने का बेहतरीन अवसर है। उन्होंने केएल राहुल को टीम का बहुमूल्य खिलाड़ी बताते हुए कहा कि राहुल किसी भी बल्लेबाजी क्रम पर टीम की जरूरत के अनुसार प्रभावी प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं, जो उन्हें टीम का अहम सदस्य बनाती है।

ये भी पढ़ें  : 
Diamond League में नीरज चोपड़ा की एंट्री, दोहा मीट में पहला मैच खेलेंगे 'गोल्डन बॉय'

संबंधित समाचार