Raebareli Crime News : रायबरेली में पानी की टंकी परिसार में चौकीदार की हत्या, खून से लथपथ मिला शव, इलाके में सनसनी
बछरावा (रायबरेली)। ग्राम पंचायत की पानी की टंकी की रखवाली कर रहे चौकीदार की रविवार रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह टंकी परिसर में उसका खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ठकुराइन खेड़ा निवासी बिंदा प्रसाद (40) पुत्र रामसजीवन पिछले करीब पांच महीने से गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत की पानी की टंकी पर चौकीदार के रूप में तैनात था। परिजनों ने बताया कि वह रविवार शाम रोज की तरह घर पर भोजन करने के बाद ड्यूटी के लिए टंकी पर गया था।

सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने टंकी परिसर में उसका खून से लथपथ शव पड़ा देखा। शव पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एडिशनल एसपी आलोक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला धारदार हथियार से हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

मिलनसार स्वभाव का था बिंदा, हत्या से ग्रामीण भी हैरान
ग्रामीणों के अनुसार बिंदा प्रसाद का स्वभाव काफी मिलनसार था और उसकी किसी से कोई रंजिश भी सामने नहीं आई है। ऐसे में उसकी हत्या की खबर से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिंदा रोज की तरह ड्यूटी पर गया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि सुबह उसका शव मिलेगा।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल, हत्या की वजह क्या?
पुलिस के लिए फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती हत्या के पीछे की वजह का पता लगाना है। मृतक की किसी से दुश्मनी की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस व्यक्तिगत रंजिश, लूटपाट और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
